लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का ग्वालियर में भव्य स्मारक बनाया जायेगा – शिवराज सिंह चौहान
ग्वालियर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हम सब लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के वंशज हैं। उन्होंने लोक कल्याण के लिये जो कार्य किए हैं उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। माँ अहिल्याबाई होल्कर का ग्वालियर में भव्य स्मारक बनाया जायेगा । बेहटा में बन रहे बस स्टेण्ड का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जायेगा। इसके साथ ही बघेल और धनगर समाज के कल्याण के लिये प्रदेश में एक बोर्ड गठित किया जायेगा। जिसके अध्यक्ष को कैबिनेट मंत्री का दर्जा होगा। लोकमाता अहिल्याबाई के जन्मदिवस पर प्रदेश में एच्छिक अवकाश रहेगा । ग्वालियर के ग्रामीण क्षेत्र बेहटा में शनिवार को बघेल समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछड़े समाज की प्रगति का जब कार्य किया जाता है तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है। लेकिन प्रदेश में पिछड़ी जातियों के हितार्थ के लिये कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बहनों के सशक्तिकरण के लिये और उनकी जिंदगी बदलने के लिये मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिये मेधावी छात्रवृत्ति के साथ पाल, बघेल समाज के छात्र-छात्राओं को मेडीकल एवं इंजीनियरिंग की शिक्षा के लिये भी सभी सुविधायें उपलब्ध कराई जायेंगीं। उन्होंने कहा कि मेडीकल, इंजीनियरिंग की शिक्षा हिंदी भाषा में शुरू होने से पाल, बघेल एवं गरीब समाज के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी अहिलबाई ने देश एवं दुनिया में सुशासन का जो मंत्र दिया, उसके इन कार्यों को आज भी याद किया जाता है।
देवी अहिल्याबाई होल्कर के न्याय और बलिदान के कार्यों को देश भुला नहीं पायेगा – नरेन्द्र सिंह तोमर
केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि हमारे बीच में त्याग, तपस्या और बलिदान की पूजा होती है। न्याय और कर्म की पूजा होती है। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने न्याय और बलिदान का जो कार्य किया है उसे यह देश भुला नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में बेहटा तिराहे पर माँ अहिल्या की प्रतिमा स्थापित हो जाने से यह तिराहा अब अहिल्या तीर्थ बन गया है। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने देश की आजादी में ही अग्रणी कार्य नहीं किया बल्कि काशी विश्वनाथ मंदिर की स्थापना का भी अनुकरणीय कार्य किया है। बघेल समाज के उत्थान के लिये भी मध्यप्रदेश सरकार अनेक कार्य कर रही है।
माता अहिल्याबाई ने अत्याचारियों के विरूद्ध लड़ाई लड़ी – ज्योतिरादित्य सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पाल बघेल समाज के त्याग को देश की 140 करोड़ जनता कभी भूल नहीं पायेगी। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर के कार्य एवं सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मातृ शक्ति के रूप में वे विश्व में ही नहीं बल्कि पूरे ब्रम्हाण्ड में मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि माता अहिल्याबाई ने रणभूमि में नेतृत्व करते हुए अत्याचारियों के विरूद्ध लड़ाई लड़ी। माता अहिल्याबाई ने भारत की आर्थिक एवं आध्यात्मिक शक्ति को देश में प्रज्ज्वलित करने का काम भी किया। उन्होंने देश के विभिन्न स्थानों पर हिन्दू मंदिर व धर्मशालाओं का भी निर्माण कराया। श्री सिंधिया ने कहा कि पाल, बघेल व धनकर समाज से उनका खून का रिश्ता है। इस समाज से उनके पारिवारिक संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया एवं कैलाशवासी माधवराव सिंधिया ने भी पाल बघेल समाज का कंधे से कंधा मिलाकर उनके उत्थान के कार्य किए।
