ग्वालियर में हाइड्रोलिक रथ में सवार हुए जगन्नाथ जी, CM ने रथ यात्रा के आगे लगाई झाडू
ग्वालियर. इस्कॉन द्वारा निकाली गई पुरी की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा में CM शिवराज सिंह चौहान ने रथ के आगे झाडू लगाई है। शिवराज के साथ केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी झाडू लगाकर रथ यात्रा के मार्ग को साफ किया है। इससे पहले CM शिवराज सिंह ने आरती उतारकर रथ यात्रा को रवाना किया। यह पहला मौका है जब इस्कॉन द्वारा इतने बढ़े स्तर पर शहर में रथ यात्रा निकाली जा रही है। रथ यात्रा के आगे विदेशी महिलाएं (श्रद्धालु) भी हरे कृष्णा हरे रामा गाने पर झूमते हुए नजर आ रहे थे। यह रथ यात्रा अचलेश्वर रोड GYMC मैदान से शुरू हुई और शहर के प्रमुख स्थलों से घूमते हुए छत्री मंडी पहुंची है। रथ यात्रा शुरू होते ही रिमझिम बारिश भी शुरू हो गई थी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने खींचा भगवान जगन्नाथ जी का रथ
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को ग्वालियर आगमन पर इस्कॉन सोसाइटी द्वारा जीवाएएमसी से निकाली गई भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ जी की पूजा अर्चना की और भगवान जगन्नाथ जी के रथ के आगे झाड़ू लगाकर आम नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही रथ को खींचकर रथ यात्रा प्रारंभ कराई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भगवान जगन्नाथ जी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और हमारा प्रदेश का पूरा देश निरंतर प्रगति करता रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान के साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर, खाद्य एवं प्रसंस्करण राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, मध्य प्रदेश बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्ना लाल गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी सहित बड़ी संख्या में भगवान जगन्नाथ जी के भक्त गण उपस्थित रहे।
रथयात्रा शनिवार शाम अचलेश्वर रोड स्थित GYMC मैदान से निकाली गई
अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) द्वारा पुरी की तरह शहर में भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शनिवार शाम अचलेश्वर रोड स्थित GYMC मैदान से निकाली गई। यह शहर के विभिन्न क्षेत्रों बाजारों से होते हुए छत्री मंडी स्थित देव गार्डन पर पहुंचकर पूरी हुई है। रथ यात्रा को शहर के लोगों से बहुत अच्छा समर्थन मिला है।। इस्कॉन द्वारा निकाली गई रथ यात्रा में पहली बार प्रदेश का सबसे ऊंचा (29 फीट), 17 फीट लंबा व 11 फीट चौड़े रथ में भगवान जगन्नाथ जी सवार हुए। इस रथ की खासियत यह थी कि रथ में हाइड्रोलिक सिस्टम लगा हुआ है। इसके चलते जहां कहीं तार या कोई अन्य रुकावट आई तो तो रथ को नीचे-ऊपर आसानी से किया जा सका। यह विशेष रथ ग्वालियर के ट्रांसपोर्ट नगर में बंगाल से आए कुशल कारीगरों ने 45 दिन की मशक्कत के बाद तैयार किया है।
यहां से गुजरी रथ यात्रा
GYMC मैदान में दोपहर दोपहर बाद सुमधुर कीर्तन व विग्रह पूजा हुई और शाम 4.30 बजे विशेष पूजन के बाद रथ यात्रा प्रारंभ हुई। रथयात्रा को CM शिवराज सिंह, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आरती करने और रथ के मार्ग पर झाडू लगाने के बाद रवाना किया है। जिसके बाद यह रथ यात्रा इंदरगंज चौराहा, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, पाटनकर चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली, गश्त का ताजिया, नई सड़क, हनुमान चौराहा, जनकगंज, छत्री मंडी होते हुए नागदेवता मंदिर के पास देव गार्डन पर पूरी हुई। यहां करीब 20 हजार लोगों के लिए भंडारा का इंतजाम किया गया है।
जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा
शहर में रथ यात्रा के आगमन पर जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा की है। भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा में हजारों की संख्या में शहर के लोग शामिल हुए हैं। तेज गर्मी व उमस के बीच भी लोगों का उत्साह रथ यात्रा को लेकर देखते ही बन रहा था। स्थानीय लोगों के समर्थन ने पहली ही रथ यात्रा को सफल बना दिय। रथ यात्रा पूरे लश्कर सर्कल से होते हुए छत्री मंडी तक पहुंची है।
