पटवारियों के बस्ते और एसडीएम व अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों की होगी जाँच
ग्वालियर जिले के हर पटवारी के ई-बस्ते की जाँच करें। साथ ही एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार के न्यायालयों (राजस्व) का क्रॉस निरीक्षण भी कराया जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए। उन्होंने पटवारियों के बस्ते की जाँच के लिये अधीक्षक भू-अभिलेख की टीम को जिम्मेदारी सौंपी है। इसी तरह सभी एसडीएम को स्वयं के न्यायालय सहित अपने अधीनस्थ तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों के न्यायालयों की जाँच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एसडीएम जिले के अन्य एसडीएम न्यायालयों का क्रॉस निरीक्षण भी करें।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के सभी एसडीएम व तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र के पटवारियों के बस्ते की रेण्डम जाँच करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी बस्ते और राजस्व न्यायालयों की जाँच प्रभावी ढंग से की जाए, जिससे सभी राजस्व न्यायालय व राजस्व अधिकारियों के कार्यालय व्यवस्थित हों। साथ ही सभी राजस्व प्रकरण अनिवार्यत: आरसीएमएस में दर्ज हो जाएँ। उन्होंने साफ किया इसमें किसी भी प्रकार की ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
अंतरविभागीय समन्वय बैठक में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान – द्वितीय चरण के तहत उपलब्ध कराई जा रही 68 प्रकार की सेवायें एवं गत 15 अप्रैल तक दर्ज सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण सहित राज्य सरकार के प्राथमिकता वाले अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही समय-सीमा वाले प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
खुले बोर व कुँए-बावड़ी को सुरक्षित न करने वालों के खिलाफ धारा-133 के तहत हो कार्रवाई
कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम को एक बार फिर से ताकीद किया कि खुले बोर व कुँए-बावड़ियों को आम जन की सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षित न करने वाले लोगों के खिलाफ धारा-133 के तहत प्रभावी कार्रवाई कराएँ। उन्होंने कहा इस काम में किसी भी प्रकार की ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
