महाकाल लोक में हवा में उड़ी मूर्ति अंदर से खोखली, स्टील रॉड से मजबूत करना भूले, ऐसी कुल 136 मूर्तियां 15 करोड़ की
उज्जैन. रविवार को तेज आंधी- बारिश के कारण धराशायी हुईं महाकाल लोक की 6 मूर्तियां अंदर से खोखली थीं। रविवार रात ही मूर्तियों के गिरने के बारे में एक्सपर्ट से टेक्निकल जानकारी हासिल की। पता चला कि मूर्तियों का बेस ही बहुत कमजोर था। जबकि, इसे बनाने वाली एमपी बावरिया कंपनी ने इनकी लाइफ 10 साल बताई थी। पूरे महाकाल लोक में करीब 136 मूर्तियां लगाई गई हैं। इनकी लागत 15 करोड़ रुपए है। इस हिसाब से औसतन एक मूर्ति बनाने में 11 लाख रुपए खर्च हुए है। महाकाल लोक बनने की शुरुआत 2018 में हुई। फ्लोर का काम शुरू होने के बाद सबसे पहले सप्तऋषियों की मूर्तियां स्थापित की गई थीं। रविवार को सप्तऋषि की 7 में से 6 मूर्तियां पेडस्टल से नीचे गिर गईं।
सबसे पहले बात उन 3 कारणों या खामियों की
मूर्तियां गिरने की जानकारी पर महाकाल लोक से प्रशासन कॉरिडोर से श्रद्धालुओं को बाहर कर रहा था। उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, SP सचिन शर्मा, SDM अनुकूल जैन, SDM कल्याणी पांडे और मंदिर प्रशासक संदीप सोनी पहुंच चुके थे। क्रेन की मदद से मूर्तियों को हटाया जा रहा था। टूटी हुई मूर्तियां अंदर से खोखली थीं।
पहला कारण: मूर्तियों का बेस बेहद कमजोर था। नीचे की ओर इतनी जगह छोड़ दी गई कि इससे आसानी से हवा-पानी अंदर जा सकता था।
दूसरा कारण: 10 से 25 फीट ऊंची मूर्तियों को फाइबर रेनफोर्स प्लास्टिक (FRP) से बनाया गया था। मजबूती देने के लिए अंदर सरिए लगाने होते हैं, लेकिन मूर्तियां खोखली थीं।
तीसरा कारण: मूर्तियों की बनावट इस तरह की नहीं थी कि वे 30 से 50 किमी/घंटे की स्पीड से चलने वाली हवा झेल सकें। भोपाल मौसम विभाग के अनुसार उज्जैन में दिन में 45 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। मूर्तियां हवा का प्रेशर झेल नहीं सकीं।
