पूर्व मंत्री बोले कांग्रेस सरकार आने पर 100 रुपए में सिलेंडर
भोपाल. मध्यप्रदेश में सत्ता वापसी के लिए कांग्रेस वादों की झड़ी लगा रही है। पीसीसी चीफ कमलनाथ नारी सम्मान योजना के जरिए महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने और 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा कर चुके हैं। इस घोषणा से दो कदम आगे बढ़कर पूर्व मंत्री और विधायक पीसी शर्मा ने कांग्रेस की सरकार बनने पर 100 रुपए में गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया है।
नौकरी पेशा परिवारों की महिलाओं को भी देंगे 1500 रुपए
अपने आवास पर मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा- प्रदेश में मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार मुख्य मुद्दे हैं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी, तो 100 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा। 18 साल से लेकर 60 साल तक की महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे। घर में तीन महिलाएं हैं, तो उन्हें भी मिलेंगे। जो नौकरी कर रहा है, व्यवसाय कर रहा है, उनको भी मिलेगा। 100 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी। 200 यूनिट बिजली बिल हाफ देना पड़ेगा। ये मंहगाई से लड़ने का एक तरीका है।
ओल्ड पेंशन स्कीम भी लागू करेंगे
पीसी शर्मा ने कहा- मप्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की जाएगी। स्लम एरिया में रहने वाले लोगों के मकानों की रजिस्ट्री कराई जाएगी। उनको मकान बनाने के लिए पैसे दिए जाएंगे। ये सब मंहगाई से लड़ने के लिए कॉन्सेप्ट है। बीजेपी की सरकार मंहगाई बढ़ाती जा रही है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के रेट सातवें आसमान पर हैं। 2014 का जब चुनाव हुआ था, तब इन्होंने कहा था कि रसोई गैस दो-तीन सौ रुपए में मिलेगी। पेट्रोल डीजल 40-50 रुपए में मिलेगा। ये सब बढ़ रहे हैं। मप्र में एक करोड़ लोग बेरोजगार हैं, तो कमलनाथ जी का कॉन्सेप्ट मंहगाई से लड़ने का है।
