ग्वालियर को यूनेस्को से “सिटी ऑफ म्यूजिक” घोषित कराने को लेकर हुई अहम बैठक
अधिकारियों ने संगीत-कला विशेषज्ञों के साथ किया गहन मंथन
ग्वालियर संगीत की नगरी ग्वालियर को यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन) से “सिटी ऑफ म्यूजिक” घोषित कराने के सिलसिले में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के तत्वावधान में अहम बैठक हुई। जिसमें यूनेस्को को भेजे जाने वाले डोजियर (प्रस्ताव) के संबंध में शहर के संगीत – कला मर्मज्ञों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं यूनेस्को क्रिएटिव सिटी नेटवर्क से संबंधित स्टेक होल्डर ने उपयोगी सुझाव दिए। भारत सरकार की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना को ग्वालियर में मूर्तरूप देने के संबंध में भी इस बैठक में जानकारी दी गई।
ज्ञात हो राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा ग्वालियर शहर को यूनेस्को से म्यूजिक सिटी घोषित कराने के लिये विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के चार शहरों ग्वालियर, इंदौर, भोपाल व चंदेरी में यूनेस्को के मापदण्डों के आधार पर कराए गए अध्ययन के बाद ग्वालियर का चयन क्रिएटिव सिटी ऑफ म्यूजिक के लिये किया गया है और यूनेस्को के लिये डोजियर तैयार कराया जा रहा है।
गुरूवार को यहाँ तानसेन रेसीडेंसी में महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार व संभाग आयुक्त दीपक सिंह की मौजूदगी में आयोजित हुई इस बैठक में राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य चितरंजन ज्योतिषी, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक विवेक श्रोत्रिय, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती नीतू सिंह, आईआईटीटीएम के निदेशक आलोक शर्मा, ध्रुपद गुरू अभिजीत सुखदाणे, संगीत साधक उमेश कम्पूवाले, शास्त्रीय नृत्यांगना सुश्री निशा शर्मा समेत शहर के अन्य संगीत-कला मर्मज्ञ व यूनेस्को क्रिएटिव सिटी नेटवर्क से संबंधित स्टेक होल्डर एवं जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सदस्यगण मौजूद थे ।
महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि ग्वालियर ऐतिहासिक धरोहरों व संगीत कला के क्षेत्र में समृद्ध नगरी है। ग्वालियर को सिटी ऑफ म्यूजिक घोषित कराने के लिये यूनेस्को को भेजे जा रहे प्रस्ताव में आज की बैठक में मिले सुझावों को शामिल किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हम सभी के साझा प्रयासों से निश्चित ही ग्वालियर शहर विश्व भर में म्यूजिक सिटी के रूप में विख्यात होगा।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक विवेक श्रोत्रिय ने इस अवसर पर जानकारी दी कि यूनेस्को द्वारा सात श्रेणियों में क्रिएटिव सिटी घोषित की जाती हैं। जिसकी म्यूजिक श्रेणी के तहत मध्यप्रदेश शासन ने ग्वालियर को चयनित किया है। कला व संस्कृति से जुड़ी धरातल संस्था द्वारा यूनेस्को के लिये ग्वालियर म्यूजिक सिटी का डोजियर तैयार किया जा रहा है। इसके लिये संस्था ने विस्तृत सर्वे व अध्ययन किया है। साथ ही सभी स्टेक होल्डर के सुझाव भी इसमें शामिल किए जायेंगे।
इन कला मर्मज्ञों ने भी दिए उपयोगी सुझाव
संगीत विश्वविद्यालय की प्रो. डॉ. रंजना टोणपे ने संगीत साहित्य पर केन्द्रित पुस्तकालय स्थापित करने की राय रखी। इनके अलावा आईआईटीटीएम के निर्देश आलोक शर्मा, टूरिज्म बोर्ड के सलाहकार ओपी मिश्रा, एएसआई के सेवानिवृत अधिकारी एन के समाधिया तथा अनुपम शर्मा सहित अन्य विषय विशेषज्ञों ने भी उपयोगी सुझाव दिए।
10 साल के मास्टर प्लान के आधार पर होगा पर्यटन स्थलों का विकास
बैठक में जानकारी दी गई कि स्वदेश दर्शन-2 योजना के तहत ग्वालियर शहर एवं आस-पास के पर्यटन स्थलों का विकास 10 साल के मास्टर प्लान के आधार पर किया जायेगा। हरेक डेस्टीनेशन का पर्यटन के लिहाज से 360 डिग्री एप्रोच के आधार पर विकास होगा। स्वदेश दर्शन-2 योजना पर्यटन सर्किट पर आधारित न होकर डेस्टीनेशन पर आधारित रहेगी।
