शिवराज सरकार पर संकट, चुनाव से पहले बीजेपी में अंतर्कलह की अंतर्कथा
भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले ऊपर से लेकर जमीनी स्तर तक के कैडर में पैदा हुआ असंतोष बीजेपी के लिए चुनौतियां पैदा कर रहा है। चुनाव में कुछ ही महीने बचे हैं और बीजेपी तीन खेमों में बंटी दिखाई दे रही है। सागर में कद्दावर मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ स्थानीय विधायकों ने मोर्चा खोल दिया है। भूपेंद्र सिंह को सीएम शिवराज सिंह चौहान का करीबी माना जाता है। कटनी के पूर्व विधायक ध्रुव प्रताप सिंह ने भी पार्टी के सामने एक नई मुश्किल खड़ी कर दी है। इससे पहले पूर्व विधायक हरेंद्रजीत सिंह बब्बू और सत्यनारायण सत्तन बगावती तेवर दिखा चुके हैं। साफ है कि बीजेपी में नाराज नेताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक मंत्री सरकार पर सीधा हमला कर चुके हैं।
मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ अचानक नहीं फूटा है गुस्सा
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के बड़े नेताओं के बीच खींचतान बढ़ने लगी है। अब नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव और राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सहित सागर के बीजेपी विधायकों ने मोर्चा खोल दिया है। 23 मई को कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से दोनों मंत्रियों, विधायक शैलेंद्र जैन व प्रदीप लारिया के साथ सागर के जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ शिकायत की। इस मामले में कोई भी नेता बात करने को तैयार नहीं है। सागर बीजेपी के एक नेता के मुताबिक नाराज गुट का कहना है कि लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं, पानी सिर के ऊपर गुजर गया, इसलिए एक साथ जाकर सीएम से बात की गई है। भूपेंद्र सिंह के खिलाफ मंत्री-विधायकों का गुस्सा अचानक नहीं फूटा है, लेकिन सत्ता और संगठन ने अब तक कोई हस्तक्षेप नहीं किया था।
ओबीसी की राजनीति के कारण और बढ़ गई खाई
सागर में ओबीसी की राजनीति के चलते भूपेंद्र सिंह की गोपाल भार्गव व गोविंद सिंह राजपूत के बीच खाई ज्यादा बढ़ गई। भूपेंद्र सिंह को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल का साथ है। गोपाल भार्गव को गोविंद सिंह राजपूत का साथ मिला है। भूपेंद्र सिंह दांगी हैं, जबकि गोविंद सिंह राजपूत हैं। प्रह्लाद पटेल के खेमे में शक्ति बाबू सिंह के भतीजे सरबजीत सिंह ने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। उसे भूपेंद्र सिंह का भी समर्थन था। सरबजीत सिंह ने गोविंद सिंह के भतीजे अरविंद सिंह को 5 हजार से अधिक वोटों से हराकर यह चुनाव जीता था।
राजकुमार धनौरा ने खोल दिया गोविंद सिंह के खिलाफ मोर्चा
गोविंद सिंह राजपूत जब कांग्रेस में थे, तब से ही उनके खिलाफ सुरखी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी से चुनाव लड़ने की तैयारी राजकुमार सिंह धनौरा कर रहे थे। उनकी सागर सांसद राजबहादुर सिंह से रिश्तेदारी है। ऐसे में भूपेंद्र सिंह का हमेशा राजकुमार को समर्थन रहा है। चूंकि गोविंद सिंह बीजेपी में शामिल हो गए, ऐसे में राजकुमार को राजनीतिक रूप से नुकसान की आशंका थी। ऐसे में गोविंद सिंह को चुनाव में खतरा दिख रहा था। इस बीच राजकुमार के खिलाफ पुराने मामलों में मुकदमे दर्ज हुए। इतना ही नहीं, उनके खिलाफ पुलिस ने इनाम तक घोषित किया, बाद में उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई।
बीजेपी, महाराज व नाराज, बन गए 3 धड़े
बीजेपी में दो हिस्से के तौर पर देखें तो महाराज और नाराज नेताओं के धड़े बनते जा रहे हैं। शिवराज का कोई ग्रुप नहीं है। यदि ऐसा होता तो सागर में जिस तरह से अंतर्कलह देखने को मिल रही है, यह सामने नहीं आती। वे कहते हैं कि बीजेपी में बगावती तेवर वो नेता दिखा रहे हैं, जिन्हें 20 साल से सत्ता-संगठन में तवज्जो नहीं मिली है। हर जिले में 4-5 नेता ऐसे हैं जो सत्ता-संगठन पर सवाल उठा रहे हैं। इसमें से कई शिवराज से भी सीनियर हैं, लेकिन उन इलाकों में ऐसे नेता ज्यादा हैं, जहां सिंधिया का प्रभाव है।
