सीबीआई जांच में फर्जी मिले नर्सिंग संस्थाओं की मान्यता गई तो जीएनएम छात्रों का रिजल्ट रह सकता है निल
ग्वालियर. मप्र नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के नए फरमान ने प्रदेशभर में जीएनएम की परीक्षा दे रहे लगभग 46 हजार विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। सीबीआई द्वारा प्रदेश के 364 नर्सिंग कॉलेजों की जांच की जा रही है। उसकी रिपोर्ट के आधार पर हाईकोर्ट के आदेश पर काउंसिल द्वारा संबंधित संस्थाओं की मान्यता खत्म की जाती है तो ऐसे संस्थान में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का रिजल्ट निल हो सकता है।
इन परीक्षार्थियों का रिजल्ट पर भी संकट मंडरा रहा
रिजल्ट निल घोषित होने पर ऐसे विद्यार्थियों का करियर प्रभावित होना तय है। जीएनएम फर्स्ट व सेकंड ईयर सत्र 2021-22 की परीक्षाएं 24 मई तक आयोजित होंगी। ऐसे में इन परीक्षार्थियों का रिजल्ट पर भी संकट मंडरा रहा है।
उल्लखनीय है नर्सिंग संस्थाओं को रेवड़ी की तरह मान्यता जारी करने के मामले में नर्सिंग काउंसिल भी कम दोषी नहीं है, क्योंकि बड़ी संख्या में ऐसे कॉलेज व संस्थाओं को मान्यता जारी की गई है जो मानकों को पूरा नहीं करते।
नर्सिंग संस्थाओं की हो रही जांच
न्यायालय के आदेश पर नर्सिंग संस्थाओं की जांच चल रही है। इस जांच के बाद जिन संस्थाओं की मान्यता खत्म होगी, उनमें पढ़ने वाले जीएनएम फर्स्ट व सेकंड ईयर के छात्र-छात्राओं का रिजल्ट न्यायालय के आदेश के अधीन रहेगा।
डॉ. योगेश शर्मा, प्रशासक, मप्र नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल
