CM के कार्यक्रम में जा रही बस पलटी, 3 मौत, 20 लोग घायल, 5 गंभीर

उमरिया. नेशनल हाईवे के घंघरी ओवरब्रिज पर बुधवार दोपहर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में लोगों को ला रही थी। कार्यक्रम स्थल से 5 किमी पहले यह हादसा हो गया। 15 से 20 लोग घायल हुए हैं। 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। आज उमरिया जिले के भरौला में लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत हितग्राही कार्यक्रम आयोजित किया गया है। शुभम ट्रैवल्स शहडोल की बस पाली बीरसिंहपुर (उमरिया) के भतौरा गांव से लोगों को लेकर कार्यक्रम स्थल जा रही थी। ओवरब्रिज पर बाइक को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई। बस पलटते ही लोगों में चीख-पुकार मच गई। शहडोल संभाग आयुक्त राजीव शर्मा ने बताया कि 3 लोगों की मौत हुई है।
जाम लगा, पुलिस ने संभाली व्यवस्था
हादसे के बाद रोड पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। कलेक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी के मुताबिक, घटना में 3 लोगों की मौत हुई है। 8 लोगों को उमरिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों को जबलपुर और कटनी भी रेफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *