ग्वालियर में अगले माह शुरू होगा 7 चार्जिंग स्टेशनों का काम

ग्वालियर. शहर में दौड़ रहीं इलेक्ट्रिक कारों और दोपहिया वाहनों के लिए लंबे समय से चार्जिंग स्टेशन की मांग चल रही है। अब 15वें वित्त आयोग से मिले अनुदान के 1.80 करोड़ रुपए से नगर निगम 7 चार्जिंग स्टेशन तैयार करने जा रहा है। इसके लिए नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया की है, जिसमें अभी चार कंपनियों ने भाग लिया है। इनमें से गुजरात और दिल्ली की दो कंपनियों को मूल्यांकन के बाद शार्टलिस्ट किया गया है। इन कंपनियों का तकनीकी मूल्यांकन पूरा हो चुका है और अब वित्तीय मूल्यांकन की प्रक्रिया की जाएगी। निगम अधिकारियों के अनुसार जून माह में चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा, क्योंकि अब नगर निगम के पास भी 12 इलेक्ट्रिक कारें मौजूद हैं।

सिटी सेंटर जैसी 5 लोकेशनों पर 7 चार्जिंग स्टेशन तैयार कराए जाएंगे
अब वित्तीय मूल्यांकन कर कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि सिटी सेंटर में सालासर पार्किंग, कंपू में महावीर भवन के सामने पेट्रोल पंप के पास, फूलबाग चौराहा, बहोड़ापुर में नगर निगम के डिपो सहित तरण पुष्कर जैसी पांच लोकेशनों पर सात चार्जिंग स्टेशन तैयार कराए जाएंगे। इन चार्जिंग स्टेशनों पर चार पहिया, तीन पहिया और दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने की सुविधा होगी। इस टेंडर प्रक्रिया में कुल चार फर्मों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से दो को पात्र पाया गया है। अब निगम इस मामले में आगे की प्रक्रिया में लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *