ग्वालियर में OBC महासभा का BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा को नोटिस, माफी मांगें नहीं तो केस कराएंगे
ग्वालियर. OBC (अन्य पिछड़ा वर्ग) महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को कानूनी नोटिस जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि आपने राहुल गांधी के मुद्दे पर OBC समाज का अपमान किया है। आप माफी मांगें। बता दें कि राहुल गांधी को मानहानि के केस में सूरत कोर्ट से सजा होने के दूसरे दिन 24 मार्च को नड्डा ने ट्वीट कर कहा था- राहुल गांधी ने पूरे OBC समाज का अपमान किया है। नड्डा के इसी ट्वीट को आधार मानकर OBC महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी ने उन्हें वकील के जरिए नोटिस भेजा है। साथ ही नोटिस मिलने के 24 घंटे के अंदर जवाब देने को भी कहा है। OBC महासभा का तर्क है कि मोदी सरनेम OBC के रूप में कहीं दर्ज नहीं है। न तो गुजरात और न ही केंद्र सरकार की सूची में मोदी सरनेम कहीं OBC कैटेगरी में दर्ज है। राहुल गांधी ने सिर्फ मोदी शब्द का इस्तेमाल किया है, न कि OBC वर्ग का, इसलिए मोदी सरनेम को लेकर OBC वर्ग को नहीं घसीटा जाए।
मोदी नाम की कोई जाति नहीं
OBC महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य धर्मेंद्र कुशवाह का कहना है- मैं जेपी नड्डा से पूछना चाहता हूं कि केंद्र की OBC की सूची में मोदी नाम की कोई सूची नहीं है। गुजरात में भी जहां मोदी जी की जाति का कोई उल्लेख नहीं है, तो क्या कारण है कि आप OBC को एक ढोलक की तरह हर तरफ से बजा रहे हैं। जब अच्छाई की बात आती है, तो OBC जाति का कोई नाम कहीं नहीं लेते हैं। जब किसी व्यक्ति के माध्यम से गाली दी जाती है तो चिल्लाने लगते हैं कि OBC को गाली दी है। ये OBC जाति के साथ छलावा और अपमान है। इसलिए हमने उनको नोटिस दिया है और कहा है कि अगर वे माफी नहीं मानेंगे तो हम आगे केस फाइल करेंगे।
