नाच गाकर किया वंदे भारत एक्सप्रेस का स्वागत, 3 अप्रैल से नियत समय पर दौड़ेगी ट्रेन
ग्वालियर. रेलवे प्लेट नम्बर 4 पर डेढ़ घंटे की देर से रात 10.04 बजे पहुंची वंदे भारत ट्रेन तो ग्वालियरवासी ट्रेन के आगे आकर झूमने लगे। इस बीच भाजपा कार्यकर्त्ता अनिल त्रिपाठी अपने टीम के साथ हाथों में लड्डू के डिब्बे लेकर लोगों को लड्डू वितरित कर रहे थे। यहां 2 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन को हजरत निजामुद्दीन के लिये रवाना कर दिया। ट्रेन को रानी कमलापति स्टेशन भोपाल से ग्वालियर का सफर 4 घंटे 8 मिनट में तय करना था। लेकिन जगह-जगह स्टॉपेज होने की वजह से 395 किमी का सफर तय करने में ट्रेन सवा दो घंटे लेट हो गयी। प्लेटफार्म नम्बर 4 पर आने से पहले ट्रेन का स्वागत करने के लिये ऊर्जामंत्री और सांसद विवेक शेजवलकर के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्त्ता और रेलवे के अधिकारी मौजूद थे।
2 अप्रैल से नियत समय पर दौड़ेगी ट्रेन
ट्रेन के आने का उत्साह इतना था कि लोग ट्रैक पर ट्रेन के आगे खड़े झूमते और नाचते रहे। हजरत निजामुद्दीन पहुंचने के बाद 02071 वंदे भारत ट्रेन का खाली रैक दो अप्रैल को रानी कमलापति स्टेशन के लिए भेजा जाएगा। तब कहीं ट्रेन तीन अप्रैल से अपने निर्धारित समय से रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन के लिए दौड़ेगी। ट्रेन में आए लोगों का कहना है कि स्टेशनों पर जगह-जगह स्वागत के चलते ट्रेन लेट होती चली गई। रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन तक बुकिंग खुली, 16 से 853 सीट का कोटा: रानी कमलापति से ग्वालियर और ग्वालियर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाले यात्रियों के लिए आईआरसीटीसी ने वंदे भारत एक्सप्रेस की बुकिंग चालू कर दी है। तीन अप्रैल को रानी कमलापति स्टेशन से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के एक्जुकेटिव क्लास में 55 और चेयरकार में 814 सीट खाली बताई जा रही है। जबकि ग्वालियर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली इसी ट्रेन के एक्जुकेटिव क्लास में 16 और चेयरकार में 124 सीट खाली है। ये सीट खबर लिखे जाने तक की है। रानी कमलापति स्टेशन से ग्वालियर तक एक्जुकेटिव क्लास में 72 और चेयरकार में 853, ग्वालियर से हजरत निजामुद्दीन के लिए एक्जुकेटिव क्लास में 16 और चेयरकार में 160 सीट का कोटा बताया जा रहा है।
बैकड्रॉप पर बाद में लिखा गया केन्द्रीय मंत्री का नाम
वंदे भारत एक्सप्रेस की अगवानी के लिये प्लेटफार्म नम्बर 4 पर बनाये मंच के बैकड्रॉप पर शुरूआत में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर का नाम नहीं था। सबसे ऊपर ज्योतिरादित्य सिंधिया और नीचे ऊर्जा मंत्री और सांसद विवेक शेजवलकर के नाम थे। लेकिन कुछ बाद पुरान बैक ड्रॉप हटाकर नया लगाया गया। जिसमें पहले से केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर का नाम था। उसके बाद उक्त तीनों नाम लिखे गये थे।
