शहर में आबकारी ने दिन में अहातों पर बैनर टांगे, रात में पुलिस ने चलाई मुहिम
ग्वालियर. शहर में शनिवार से कलारी व अहाते बंद होने के बाद आबकारी व पुलिस ने अलग-अलग मुहिम चलाई। आबकारी विभाग के दलों ने दिन में अहातों पर कलारियों पर बैनर टांग कर व एनाउंसमेंट कर दुकानों पर सड़क पर ठेलों आदि पर शराब पिलाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावानी दी। शाम से रात एसएसपी राजेश सिंह चंदेल व एएसपी ऋषिकेश मीणा ने शहर के 36 चिह्नित प्वाइंट पर ट्रैफिक व थाना बल के चेकिंग प्वाइंट लगाकर शराब पीकर वाहन चलाने पर सड़कों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई की और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से भी जुर्माना वसूल किया।
शाम 5.30 बजे से शहर के 36 चेकिंग पाइंट पर चेकिंग अभियान चलाया
आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त संदीप शर्मा ने शनिवार को अलग-अलग टीम बनाकर शहर में बंद किए गए अहातों व कलारियों पर बंद किए जाने के बैनर लगाने व दुकान व ठेलों पर शराब पिलाने पर चेतावनी का एनाउंसमेंट कराया। शाम 5.30 बजे से शहर के 36 चेकिंग पाइंट पर ट्रैफिक व थाने का बल तैनात कर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग अभियान में डीएसपी नरेश अन्नोटिया, बैजनाथ प्रजापति, सूबेदार अभिषेक रघुवंशी, प्रबल प्रताप यादव, प्रमोद साहू, सोनम पाराशर के नेतृत्व में चेकिंग अभियान में 350 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर 1,43,600 रुपए जुर्माना वसूल किया। कार्रवाई रात 10 बजे तक जारी रही। थाटीपुर में पुलिस चेकिंग के दौरान छोटू जाटव नाम का युवक एसआई आनंद जाटव से उलझ गया। इस दौरान झूमाझटकी भी हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद धारा 151 के तहत कार्रवाई की है। घटना के समय मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई थी।
