सासाराम और नालंदा में फिर हिंसा, बम फेंके, गोलियां चलीं
बिहार. सासाराम और नालंदा में शनिवार को भी हिंसा हुई। नालंदा के बिहार थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई है। इसमें 3 लोगों को गोली लगी है बाद में इनमें से एक की मौत हो गई। नालंदा में शुक्रवार को जहां हिंसा हुई थी वहां से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर शनिवार को फिर हिंसा हुई। इस दौरान करीब 30 राउंड फायरिंग की गई। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब दोनों पक्षों से कोई वहां मौजूद नहीं था। फायरिंग के बाद यहां पुलिस पर भी पथराव हुआ है। बीडीओ अंजन दत्ता ने बताया कि नालंदा के बिहारशरीफ में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इधर, सासाराम के सफ्फुलागंज में शनिवार शाम को फिर बम फेंके गए। इसके बाद पुलिस ने इलाके के घरों में सघन तलाशी अभियान चलाया है। इसमें 8 और लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस तरह अब तक कुल 25 लोगों को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है।
मुंगेर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसा
मुंगेर में शनिवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद हो गया है। दो पक्षों के बीच पथराव और मारपीट हुई है। पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई है। कई लोग जख्मी हैं। दो गांव में तनाव को देखते हुए एसडीएम, डीएसपी सहित कई थानों की टीम मौके पर पहुंच गई है। मामला नयारामनगर थाना क्षेत्र के गढ़ीरामपुर गांव का है।
तीन जिलों में 61 लोगों की गिरफ्तारी
बिहार के 4 जिले रोहतास, नालंदा, भागलपुर और गया में रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर शुक्रवार को हिंसक झड़प हुई थी। इस घटना के बाद पुलिस फोर्स तैनात की गई है। सासाराम में फिलहाल 5 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। नालंदा में धारा 144 लागू है। इंटरनेट बंद है। गया और भागलपुर में फोर्स की तैनाती की गई है। नालंदा, सासाराम और गया से अब तक 61 लोगों की गिरफ्तार की गई है। मुंगेर में शनिवार को हिंसा की वारदात सामने आई।
