‘महाकाल’ में हर दिन हंगामा, गर्भगृह के 580 टिकट का कोटा तय, भक्तों को सिर्फ 200 टिकट

उज्जैन. महाकाल का आंगन साढ़े 800 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से सज रहा है। यहां बने अद्भुत महाकाल लोक को निहारने प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख लोग पहुंच रहे हैं। इतनी सुविधाओं के बीच यहां हंगामे की स्थिति रोज बन रही है। यहां मंदिर की 1500 वाली रसीद के लिए श्रद्धालु दिनभर परेशान हो रहे हैं। तंग आकर वे हंगामा करने को मजबूर हो रहे हैं। उनका आरोप है कि आम भक्तों को रसीद तो दी नहीं जा रही है, उल्टा टिकट काउंटर पर बैठे कर्मचारी उनसे अच्छा व्यवहार नहीं कर रहे हैं। यहां कई खास लोग कार्यालय के भीतर पहुंचकर रसीद लेकर जा रहे हैं।

हजारों श्रद्धालु गर्भगृह में नहीं कर पा रहे दर्शन
एक दिन में मात्र 580 टिकट ही दिए जा सकते हैं। इसमें भी सुबह 6 से दोपहर 1 तक 150 टिकट और शाम 6 से रात 8 बजे तक 50 टिकट भक्तों को जारी किए जा रहे हैं। बाकी बचे 380 टिकट सभी मंदिर में 22 पुरोहित और 16 पुजारी के यजमान के लिए निर्धारित हैं। ऐसे में रोजाना आने वाले हजारों श्रद्धालु गर्भगृह में दर्शन से वंचित रह जाते हैं।

भक्तों का दर्द
गुरुवार को भी झारखंड, छत्तीसगढ़ और दिल्ली से आए श्रद्धालुओं ने अन्य भक्तों के साथ हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 1500 रुपए वाली टिकट के लिए सुबह 6 बजे लाइन में लगे। घंटों तक खड़े रहे, लेकिन टिकट नहीं मिली। दो बार चक्कर लगाने के बाद भी प्रोटोकॉल टिकट नहीं मिल पाया। उनका कहना था कि  यहां टिकट की कालाबाजारी हो रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *