साहित्य कुमार नाहर संगीत नाटक अकादमी की साधारण परिषद के लिए नामित
ग्वालियर. राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो साहित्य कुमार नाहर को संगीत नाटक अकादमी दिल्ली की साधारण सभा के लिए नामित किया गया है। अकादमी में उनका कार्यकाल पांच साल तक रहेगा। इस दौरान वह अकादमी में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में सहयोग प्रदान करेंगे।
ज्ञातव्य है कि प्रो. साहित्य कुमार नाहर को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संगीत विभाग में 40 से अधिक वर्षों का शिक्षण एवं प्रशासनिक कार्यों का अनुभव रहा है। वह प्रदर्शन कला (सितार) के भी आकाशवाणी व दूरदर्शन के टॉप ग्रेड कलाकार हैं और लगभग 45 वर्षों से आकाशवाणी सहित देश के अनेक राष्ट्रीय मंचों पर अपने सफल कार्यक्रम प्रस्तुत करते आ रहे हैं। कुलपति प्रो. साहित्य कुमार नाहर की संगीत के क्रियात्मक और शास्त्रात्मक दोनों की पक्षों पर अच्छी पकड़ है। उन्हें सितार के साथ- साथ गायन व तबले का भी अच्छा ज्ञान है।
इसके पूर्व प्रो. नाहर भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद एवं भारतीय विश्वविद्यालय संघ (दोनों नई दिल्ली) की राष्ट्रीय समितियों में भी नामित किए जा चुके हैं। उक्त मनोनयन पर विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई प्रेषित की है।
