ट्रक में चोरी करने आए थे, आहट से चालक की नींद खुली, कौन है पूछने पर मिली गोली

ग्वालियर. ग्वालियर में मामा से मिलने आए युवक के ट्रक में बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। चोरों की आहट से चालक की नींद टूट गई। उसने सिर्फ इतना पूछा कि कौन है, इतना पूछते ही बदमाशों ने ट्रक चालक को गोली मार दी। घटना पुरानी छावनी थानाक्षेत्र के रायरू स्थित शिवा टाउन में शनिवार सुबह की है। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन वहां पर पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। घायल को उपचार के लिए भर्ती कराकर पुलिस को मामले की सूचना दी है। पुलिस ने घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला
मुरैना कैलारस निवासी 30 वर्षीय जितेन्द्र कुशवाह पुत्र मंशीलाल कुशवाह ट्रक चालक है। बीते रोज ट्रक लेकर ग्वालियर आया था, लेकिन भाड़ा नहीं मिलने पर वह अपने मामा बलराम सिंह के घर पुरानी छावनी स्थित शिवा टाउन चला गया। तभी उसके पास उसके समधि रामनिवास का कॉल आया। रामनिवास भी ट्रक चलाता है और उसे भाड़ा नहीं मिला तो वह भी बलराम के घर आ गया। ट्रक को दरवाजे पर खड़ा कर वह सो गए। रात करीब तीन बजे अचानक जितेन्द्र की आंख खुली तो ट्रक में खटर-पटर की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही उसने पूछा कौन है और ट्रक की तरफ गया तो ट्रक में सवार चोरों ने उस पर फायर कर दिया, जिसमें एक गोली जितेन्द्र के पैर में लगी तो उसका समधि रामनिवास भी वहा पर पहुंचा और अन्य परिजन भी आ गए। गोली लगते ही सभी लोग जितेन्द्र को संभालने में लग गए और मौका पाकर चोर भाग निकले। घायल जितेन्द्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर पता चला है कि गोली आरपार निकली है और उसके पैर की हड्डी टूट गई है। अब पुलिस इस मामले में पड़ताल कर रही है।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बदमाशों का पता लगाने के लिए फिलहाल पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पुलिस का कहना पुरानी छावनी थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रक ड्राइवर को गोली मारी है। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *