बेरजा क्षेत्र के 28 गाँवों के बच्चे प्रतिष्ठित निजी स्कूलों जैसे सुविधायुक्त सीएम राइज स्कूल में करेंगे पढ़ाई

ग्वालियर, विकास खण्ड मुरार के ग्राम बेरजा व उसके 15 किमी के दायरे में बसे 28 गाँवों के बच्चे प्रतिष्ठित निजी स्कूलों जैसे सुविधाजनक परिसर में बैठकर स्मार्ट पढ़ाई करेंगे। बेरजा में लगभग 32 करोड़ रुपए की लागत से सीएम राइज स्कूल बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को इन्दौर में आयोजित हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से और उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने मौके पर मौजूद रहकर ग्वालियर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेरजा का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बेरजा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में 2519 करोड़ 12 लाख रूपये की लागत से बनने जा रहे 69 सीएम राइज स्कूलों का वर्चुअल भूमि-पूजन किया।
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार ने सीएम राइज स्कूल के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यदि वर्तमान में ही अच्छे ढंग से भविष्य की नींव रखी जाए तो निश्चित ही प्रगति और तरक्की होती है। इसी भाव के साथ मुख्यमंत्री की पहल पर प्रदेश सरकार द्वारा सीएम राइज स्कूल खोले जा रहे हैं। इन विद्यालयों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिलेगी। सीएम राइज स्कूलों में स्मार्ट तरीके से बच्चों को शिक्षा दी जाएगी। इन स्कूलों में आधुनिक प्रयोगशाला, कम्प्यूटर लेब, स्मार्ट क्लॉस, पुस्तकालय की सुविधा के साथ कला, संगीत, खेल-कूद और व्यवसायिक शिक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी। बच्चों को उनके गाँव से स्कूल तक लाने और वापस घर तक पहुंचने के लिए सरकार बस सुविधा भी मुहैया कराएगी।
बेरजा में आयोजित हुए सीएम राइज स्कूल के भूमिपूजन कार्यक्रम में जनपद पंचायत मुरार के अध्यक्ष दिलराज सिंह किरार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी एसडीएम अशोक चौहान व जनपद पंचायत के सीईओ राजीव मिश्रा समेत अन्य संबंधित अधिकारी व बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और उनके अभिभावक मौजूद थे।
प्रमुख विशेषताएँ
सीएम राइज स्कूल की 10 प्रमुख विशेषता निर्धारित की गई हैं। इन स्कूलों में विश्व-स्तरीय अधो-संरचना, परिवहन सुविधा, नर्सरी एवं पूर्व प्राथमिक कक्षाएँ, स्मार्ट क्लॉस एवं डिजिटल लर्निंग, शत-प्रतिशत स्टॉफ एवं सहायक स्टॉफ, स्टॉफ की क्षमता वृद्धि, सुसज्जित प्रयोगशालाएँ, वाचनालय, पाठ्येत्तर सुविधाएँ, 21वीं सदी की आवश्यकता के अनुरूप कौशल कार्यक्रम, व्यावसायिक शिक्षा और पालकों की सहभागिता रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *