ग्वालियर में ठगों की एंट्री, वृद्ध महिला के गहने उतरवाये, रूमाल में लपेट कर दिये, घर पर निकला लोहा
ग्वालियर. सुबह का समय था मैं सैर कर वापिस लौट रही थी। जिन्सीनाला पर एक युवक मिला। उसने कहा कि आपको साहब बुला रहे हैं। कुछ दूरी पर 2 युवक बैठे थे। उन्होंने बताया कि आगे एक महिला की हत्या कर बदमाश गहने लूट ले गये हैं। आप इस तरह गहने पहनकर न घूमें। इन्हें उतारकर रख लें। अभी मैं कुछ समझ पाती, तभी एक राह चलते युवक को इन लोगों ने रोका। उसे भी समझाया। उसकी अंगूठी और चेन उतारकर कागज में लपेट कर उसे दे दी। उस युवक ने जब उतारकर दिये तो मुझे लगा कि इसमें हर्ज किया है।
मैं अपनी चेन, 2 चूडी व अंगूठी उतारकर दी। युवकों ने उसके कपड़े में लपेटकर मुझे दे दी। उसे लेकर मैं घर आगयी। घर आकर कपड़ा खोला तो उसमें लोहे के कंगन निकले। आरोपी मेरे डेढ़ लाख रूपये के गहने ठग ले गये। इसके बाद मैं वहां तक वापिस गयी। लेकिन कोई नहीं मिला। फिर घरवालों को सारी बाते बताई और दोपहर को मैं थाने आयी।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर में एक बार फिर झांसेबाज गैंग की एन्ट्री हो गई है। शनिवार को झांसेबाजों ने इंदरगंज के जिंसीनाला में अपनी आमद दर्ज कराते हुए एक वृद्ध महिला को शिकार बनाया है। बताया गया है कि जिंसी नाला शंकर सेल्स के पास निवासी वृद्ध महिला कमला पाठक रोज की तरह शनिवार की सुबह सैर करने के लिए निकली थीं। वह फूलबाग तक आईं और वापस अपने घर लौट रही थीं। घर से करीब 200 मीटर दूर जिंसी नाला इलाके में एक युवक उनको मिल गया। युवक ने उनको आगे वारदात हुई है कहते हुए रोका और बोला साहब बुला रहे हैं। कुछ दूरी पर खड़े 2 युवक के पास वृद्धा पहुंची तो वह उसे डराने लगे। वारदात की पूरी कहानी सुना दी। इसी बीच ठगों का ही एक अन्य आम आदमी बनकर आया और महिला को यकीन दिलाया कि यह लोग सही कर रहे हैं। इसके बाद ही वृद्धा झांसेबाज गैंग की शिकार हुई। शनिवार की दोपहर वृद्धा परिवार के साथ इंदरगंज थाना पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।
ठग CCTV में कैद
पुलिस ने जब पड़ताल की तो घटनास्थल के पास ही एक शोरूम में लगे CCTV कैमरे की फुटेज तलाशी तो एक बदमाश उसमें दिखाई दिया। इस बदमाश ने नीले रंग की टोपी, काली जैकेट पहनी है। मोटरसाईकिल सवार है। अब पुलिस इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों को तलाश रही है।
बदमाश चार थे
वृद्धा ने जो घटना बताई है उसके अनुसार 4 बदमाश थे एक वह युवक जिससे सबसे पहले महिला को रोका। 2 वह युवक जिन्होंने अधिकारी बन पूरी कहानी सुनाई और महिला को झांसे में लिया। चौथा वह युवक जो आम इंसान बनकर आया और अपने गहने उतारकर रूमाल में रखे, जिससे महिला को ठगों पर भरोसा हुआ।
