मिशन गुजरात पर शिवराज के सिपाही, 60 दिन में दिखाना होगा सियासी जोहर
भोपाल. गुजरात चुनाव के लिए मध्य प्रदेश के बीजेपी नेताओं की तैनाती की जाएगी। सीएम शिवराज के कुछ खास सिपाही इस बार मिशन गुजरात पर जा रहे हैं। ये सिपाही करीब 60 दिनों तक गुजरात में रहेंगे और रणनीति तैयार करेंगे। कुछ नेताओं ने तो कमान संभाल भी ली हैं और गुजरात में प्रचार भी शुरू कर दिया है ।
एमपी की योजनाएं गुजरात में गूंजेगी
गुजरात चुनाव में मध्य प्रदेश के नेताओं की जिम्मेदारियां बढ़ा दी गई हैं, प्रदेश सरकार के आठ मंत्रियों को प्रचार के लिए गुजरात भेजा जाएगा। नरोत्तम मिश्रा और विश्वास सारंग तो गुजरात का दौरा कर भी चुके हैं। ये सभी 8 मंत्री गुजरात में एमपी सरकार की योजनाओं का गुजरात में प्रचार करेंगे, जबकि मंत्रियों को चुनाव प्रबंधन का काम भी सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही गुजरात चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है, ऐसे में पार्टी अभी से तैयारियों में जुट गई है। इन मंत्रियों के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी गुजरात में प्रचार करने जा सकते हैं। हालांकि अभी तक उनका कार्यक्रम तय नहीं हुआ है लेकिन चुनाव का ऐलान होने के बाद जल्द ही जिम्मेदारियां तय हो सकती हैं।
नरोत्तम मिश्रा को मिली है बनासकांठा जिले की जिम्मेदारी
नरोत्तम मिश्रा को गुजरात की 9 विधानसभाओं की जिम्मेदारी दी गई हैं, उन्हें बनासकाठा जिले में आने वाली सभी 9 विधानसभा सीटों का प्रभारी बनाया गया है। जहां नरोत्तम मिश्रा के कंधों पर बीजेपी को जिताने की जिम्मेदारी होगी। नरोत्तम मिश्रा ने गुजरात में आयोजित आदिवासी गौरव यात्रा में भाग भी लिया था, नरोत्तम मिश्रा के अलावा विश्वास सारंग भी गुजरात का दौरा कर चुके हैं, ये दोनों नेता स्थानीय बीजेपी नेताओं और पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी कर चुके हैं। जबकि आने वाले दिनों में भी जल्द ही इनका गुजरात दौरे का कार्यक्रम तय हो सकता है।
