आज ग्वालियर में 3 स्पेशल ट्रेनें आएंगी
ग्वालियर. लॉकडाउन में श्रमिकों को अपने घर पहुंचाने के लिए रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है इसके तहत सोमवार को भी दो स्पेशल ट्रेनें ग्वालियर आएंगी। इसमें एक ट्रेन महाराष्ट्र जबकि दूसरी केरल से आने वाली है। इसके अलावा एक अन्य ट्रेन दादर से भी ग्वालियर पहुंचेगी। महाराष्ट्र के दौंद स्टेशन से संचालित स्पेशल ट्रेन सोमवार सुबह 10 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। 24 कोच की इस ट्रेन से 809 यात्री ग्वालियर पहुंचेंगे। वहीं केरल से आने वाली ट्रेन 609 लोगों को लेकर ग्वालियर आएगी।
जिला प्रशासन ने करीब 45 बसों का इंतजाम किया
महाराष्ट्र के दौंद स्टेशन से रवाना हुई ट्रेन को इटारसी में भी रोका जाएगा साथ ही कोच के गेटों को इटारसी से ही लॉक कर दिया जाएगा जिससे कोई भी व्यक्ति चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास नहीं कर सके। वहीं केरल कासगोड़ से 9 मई को रवाना हुई ट्रेन भी सोमवार को ग्वालियर पहुंचेगी। इसमें 609 यात्री ग्वालियर आएंगे। ट्रेनों से आने वाले लोगों को उनके गृह जिले पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने करीब 45 बसों का इंतजाम किया है। यदि श्रमिकों की संख्या अधिक हुई तो बसों की संख्या इससे अधिक भी बढ़ाई जा सकती है। इसके अलावा दादर से भी स्पेशल ट्रेन ग्वालियर पहुंचेगी। इसके समय को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह ने व्यवस्थाएं करने के निर्देश अफसरों को दे दिए है।
