गोलाबारी की आड़ में 400 से 500 आतंकी घुसपैठ को तैयार
नई दिल्ली. हिजबुल मुजाहिदीन के सरगना आतंकवादी रियाज नायकू के मरने के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने एलओसी पर तेज गोलीबारी शुरू कर दी है। सेना के जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलाबारी का जवाब दिया जा रहा है। गोलाबारी की आड़ में आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश की आशंका है इसलिए सेना ने नियंत्रण रेखा पर चौकसी बहुत सख्त कर दी है।
मुख्य लांचिंग पैंड्स पर आतंकवादियों का जमावड़ा देखा
सीमापार पाक अधिकृत कश्मीर में 400 से 500 आतंकवादियों को घुसपैठ के लिए तैयार रखा गया है इनके निशाने पर सुरक्षाबलों के अलावा वो कश्मीरी भी है जो प्रशासन में महत्वपूर्ण पदों पर है। जानकारी के अनुसार सभी मुख्य लांचिंग पैंड्स पर आतंकवादियों का जमावड़ा देखा जा रहा है। उत्तरी कश्मीर के केरन सेक्टर के दूसरी ओर पीओके के दुधनियाल में 6 आतंकवादियों की पक्की खबर मिली है जिनके संगठन का पता नहीं चला है वहीं रामपुर के दूसरी ओर खोजाबंदी में 10 जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी घुसपैठ की तैयारी में है।
पंजन व देहरी में 9 आतंकवादियों के दो गिरोह घुसपैठ की तैयारी में
भिंबर गली के दूसरी ओर पंजन और देहरी में 9 आतंकवादियों के दो गिरोह घुसपैठ की तैयारी में है। ये सभी लश्कर ए तैयबा के है। नौशेरा के दूसरी तरफ पंडोरी में लश्कर के 7 आतंकवादियों की खबर रेडियो इंटरसेप्ट में मिली है जो घुसपैठ करके आईईडी हमला करने की तैयारी में है। कश्मीर में खुफिया विभाग के एक बड़े अधिकारी बताया कि आतंकवादी महत्वपूर्ण कश्मीरियों पर हमले करने की योजना भी बना रहें है। कुलगाम के नूराबाद के ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल के चेयरमैन पर हमले की एक ऐसी ही साजिश का खुलासा हुआ है इसके अलावा शोपियां के कई नागरिकों पर हमले की आशंका है।
