एमपी के नरसिंहपुर में ट्रक पलटने से 5 मजदूरों की मौत, 11 जख्मी

नरसिंहपुर. मप्र के नरसिंहपुर जिले की सीमा पर एक बड़े सड़क हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गयी है। शनिवार की देर रात को नरसिंहपुर जिले के मुंगवाली थाना क्षेत्र के पास आम से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गयी है। जबकि 11 मजदूर घायल हैं। 4 मजदूरों के ट्रक के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। ट्रक में लगभग 20 मजदूर सवार थे। घायलों को उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया है। घटनास्थल पर क्रेन और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला
आम के ट्रक में सवार 20 मजदूर में 11 मजदूर झांसी के रहने वाले हैं, जबकि 9 एटा के हैं। सभी मजदूर हैदराबाद से अपने घर जाने के लिये निकले थे। घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर दीपक सक्सेना और एसपी गुरूकरनसिंह समेत पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं अपर कलेक्टर मनोज ठाकुर और एएसपी राजेश तिवारी जिला अस्पताल में मौजूद रहें।
एक मजदूर तीन दिन से बीमारए सभी का कोरोना टेस्ट होगा
सिविल सर्जन अनिता अग्रवाल के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को जबलपुर रेफर कर दिया गया है। इसमें से एक को सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं दूसरे को फ्रैक्चर हुआ है। बाकि अन्य घायलों की हालत स्थिर है। इनमें से एक घायल को 3 दिन से सर्दी, खांसी और बुखार है। इसे देखते हुए 5 मृतकों समेत सभी 18 लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। सभी का कोरोना टेस्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *