ग्वालियर में स्वास्थ्य विभाग जांच किट उपलब्ध नहीं करा पा रहा, 300 संदिग्ध बिना जांच के लौटे

ग्वालियर. दूसरे राज्य एवं प्रदेश के अन्य जिलों से आने वालों की संख्या बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था चरमरा गई है। बेहतर प्रबंधन का दावा करने वाला स्वास्थ्य महकमा जांच किट तक उपलब्ध नहीं करा सका है। शनिवार को सुबह से ही जिला अस्पताल मुरार में मरीजों की कतार लग गई थी लोग छोटे बच्चों को लेकर जांच कराने पहुंचे थे। दोपहर 1 बजे तक कड़ी धूप और 40 डिग्री तापमान के बीच डॉक्टर करीब 200 मरीजों की जांच कर चुके थे। 4 घंटे लाइन में लगने के बाद जब डॉक्टरों ने कहा कि किट खत्म हो गई है अब रविवार को आना। इस पर लोगों के आंसू निकल आए।
500 से अधिक लोग लाइन में लगे हुए थे
संयुक्त संचालक कार्यालय से कोरोना जांच के लिए एकमुश्त वीटीएम (वायरस ट्रांसपोर्ट मीडिया) किट जारी करने की जगह गिनती की किट दी जा रही है। वहीं शुक्रवार को जब किट खत्म हुई तो शनिवार को 25 किट जिला अस्पताल मुरार को उपलब्ध कराई गई जबकि अस्पताल में सुबह 9 बजे से भीड़ उमड़ना शुरू हो चुकी थी। दोपहर एक बजे तक करीब 500 से अधिक लोग लाइन में लगे हुए थे।
हमारे पास किट ही नहीं
250 में से 50 किट डबरा सिविल अस्पताल, 50 किट शहर में जांच करने वाली टीम को दे दी गई है। ऐसे में करीब 150 किट ही जला अस्पताल को मिली थीं। 50 किट बीते रोज स्टोर में बची थीं। इस प्रकार दोपहर एक बजे तक जिला अस्पताल में करीब 200 मरीजों का टेस्ट कर दिया था लेकिन जब किट ही खत्म हो गई तो डॉक्टरों को भी मरीजों को बताना पड़ा कि अब आपको जांच के लिए रविवार को आना होगा क्योंकि हमारे पास किट ही नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *