गायों की कब्रगाह बनी भाजपा नेत्री की गौशाला से 100 नहीं 850 गायों को रातोंरात दफनाया गया

बैरसिया. बसई गांव की गौ सेवा भारती गौशाला में 100 नहीं 850 गायों की मौत हुई है। इसका दावा गायों के शव और कंकाल दफनाने के लिए गड्ढा खोदने वाले JCB ड्राइवर शाहरुख ने किया है। शाहरुख की मानें तो गाड़ियों में भर-भरकर गायों के शव आ रहे थे, शाम चार बजे से गायों को दफनाने के लिए बैरसिया कचरा खंती में गड्‌ढा खोदने का काम शुरू हुआ। रात 12 बजे तक गायों के शवों को दफनाया गया। इसके लिए करीब 8-9 फीट गहरा गड्‌ढा खोदा गया था। करीब 800 से 900 गायों में आधे कंकाल थे। दफनाने के बाद नमक और केमिकल डाला गया, जिससे दुर्गन्ध नहीं फैले। शाहरुख, नगर पालिका बैरसिया के JCB ड्राइवर हैं। रविवार से वह कचरा खंती में ही डटे हुए हैं।

दो दिन के अंदर SDM गायों की मौत की रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेंगे
भोपाल के बैरसिया में भाजपा नेत्री निर्मला शांडिल्य की गौशाला में रविवार को कुएं में 20 गायों के शव, तो मैदान में 80 से ज्यादा गायों के शव और कंकाल पड़े मिले थे। इनमें से 8 गायों की मौत तो शनिवार रात को ही हुई थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने गौशाला संचालिका निर्मला पर केस दर्ज किया, वहीं प्रशासन ने गौशाला का संचालन अपने हाथ में ले लिया। निर्मला 20 साल से इस गौशाला का संचालन कर रही हैं। इधर, सोमवार से मजिस्ट्रियल जांच भी शुरू हो गई। दो दिन के अंदर बैरसिया SDM कलेक्टर को गायों की मौत की रिपोर्ट सौंपेंगे।

गौशाला से दिनभर निकलते रहे गायों के शव
गायों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा। सोमवार को सुबह 2 गायों के शव निकाले गए। देर शाम तीन और गायों के शव ट्रैक्टर से ले जाए गए। इनकी मौतें सोमवार को उस दौरान हुई जब प्रशासन के अमले के साथ पशु चिकित्सकों की टीमें गौशाला में मौजूद थीं। चिकित्सकों ने इलाज किया, लेकिन वे गायों को नहीं बचा पाए। मरने वाली अधिकतर गायों की उम्र 5 से 7 साल के बीच रही होंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *