ग्वालियर में SI पर जान लेने की नीयत से पेट्रोल व पुतला मेरे ऊपर फेंका, 5 गिरफ्तार

ग्वालियर. जलता पुतला पुलिस सब इंस्पेक्टर पर फेंकने और पुलिसकर्मी के झुलसकर घायल होने के बाद मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें NSUI नेता शिवराज सिंह यादव प्रमुख है। सिर्फ एक आरोपी सचिन भदौरिया फरार है। साथ 8 से 10 आरोपियों की पहचान की जाना है। घायल पुलिसकर्मी के बयान भी हो गए हैं। घायल एसआई ने बयान दिया है कि NSUI नेता शिवराज यादव ने प्रदर्शन कारियों को भड़काया था। वह बोला था कि यह ज्यादा समझा रहा है इसी के ऊपर पुतला फेंक दो। इसके बाद मेरी जान लेने की नीयत से पेट्रोल और पुतला मेरे ऊपर फेंक दिया गया। बयान के बाद पुलिस ने पड़ाव थाना में हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा व बलवा का मामला दर्ज कर लिया है। रात 11.30 बजे तक 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी।

यह है पूरा मामला
ग्वालियर के हजीरा स्थित 70 साल पुरानी सब्जी मंडी को सोमवार को जिला प्रशासन, नगर निगम व पुलिस ने मिलकर तुड़वा दिया था। बीते एक पखवाड़े से यह सबजी मंडी अखाड़ा बनी हुई है। कांग्रेस नेता सुनील शर्मा के नेतृत्व में सब्जी विक्रेता प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह अचानक पुलिस की कार्रवाई से लोग नाराज थे। विरोध करने पर कांग्रेस नेता सुनील शर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसी बात से कांग्रेस और NSUI आक्रोशित थी। सोमवार दोपहर फूलबाग पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा व NSUI जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन व पुतला दहन किया जा रहा था। उनके इस प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस फोर्स भी वहां मौजूद था। NSUI जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का पुतला जलाया जा रहा था । पुतला पर पेट्रोल डालकर प्रदर्शनकारी आग लगा रहे थे। तभी वहां ड्यूटी पर मौजूद इंदरगंज थाना में पदस्थ सब इंस्पेक्टर दीपक गौतम ने प्रदर्शन कारियों को रोकने और पुतला छीनने का प्रयास किया। जिस पर प्रदर्शनकारियों ने जलता हुआ पुतला एसआई की तरफ फेंक दिया। जिससे एसआई में आग लग गई। वर्दी जलने लगी और वह झुलस गया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस अफसर के कपड़ों में लगी आग को बुझाकर उसकी जान बचाई। घायल को तत्काल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर है। उसका सीना पूरी तरह जल गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *