क्राइसेस मैनेजमेंट के लिये कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनप्रतिनिधियों से की चर्चा
ग्वालियर नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम हेतु लगाए गए लॉकडाउन के कारण ग्वालियर जिले में काफी हद तक संक्रमण की रोकथाम हुई है। लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु लॉकडाउन में कुछ छूट भी दी जा रही है। आगामी दिनों में संक्रमण की रोकथाम हेतु सभी का सहयोग अपेक्षित है। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रमसिंह ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से क्राइसेस मैनेजमेंट के संबंध में जिले के जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने आवश्यक एवं महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इन सुझावों के आधार पर जिले की आगामी रणनीति भी तैयार की जायेगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, पूर्व मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा, पूर्व मंत्री श्रीमती इमरती देवी के प्रतिनिधि से चर्चा कर उनके सुझाव जाने।
कलेक्टर ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु किराना दुकानों, दूध विक्रेताओं, फल, सब्जी विक्रेताओं एवं दवाओं की दुकानों को छूट प्रदान की गई है। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानों को खोलने का निर्णय भी लिया गया है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्य तथा शहरी क्षेत्र में भी शासकीय विकास कार्यों की शुरूआत की गई है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा के दौरान क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने सुझाव दिया कि ग्वालियर जिले के जो निवासी अन्य प्रदेशों में लॉकडाउन के कारण रूके हुए हैं उन्हें वापस लाने के लिये कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई की जाना चाहिए। इसके साथ ही थोक विक्रेताओं को भी अपनी सामग्री खेरीज विक्रेताओं तक पहुँचाने की अनुमति दी जाना चाहिए। पूर्व मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी सुझाव दिया कि लॉकडाउन के कारण किसी भी व्यक्ति को खाने.पीने की परेशानी नहीं होना चाहिए। हर जरूरतमंद को राशन उपलब्ध हो, यह हम सबकी जवाबदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण के समय निजी चिकित्सालय भी अपनी सेवायें अन्य बीमारियों के लिये दें। आम जन चिकित्सीय सेवाओ के लिये परेशान न हों, इसके लिये निजी चिकित्सक अपनी सेवायें निरंतर देते रहें।
