ग्वालियर में पोर्टल पर पहली 2 ई-एफआईआर चोरी की दर्ज हुई
ग्वालियर. मध्यप्रदेश में ई-एफआईआर सिटीजन पोर्टल की शुरुआत हो गई है। इसके बाद ग्वालियर में पोर्टल पर पहली और दूसरी ई-एफआईआर चोरी की दर्ज कराई गई है। पहला मामला पुरानी छावनी में घर से चोरी और दूसरा कंपू से बाइक चोरी का रहा है। इस पोर्टल में वाहन चोरी, सामान्य चोरी, आरोपी अज्ञात और घटना में चोट व बल का प्रयोग न हुआ हो ऐसे मामले में ई-एफआईआर दर्ज करा सकते हैं इसके बाद आप अपने ई-एफआईआर का लाइव स्टेटस भी देख सकते हैं कि उस पर क्या कार्रवाई हुई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल पुलिस महानिदेशक के द्वारा मध्यप्रदेश में सिटीजन पोर्टल ई-एफआईआर की शुरू कर दी गई है। इस सिटीजन पोर्टल के माध्यम से लोग 15 लाख रुपए से कम कीमत की वाहन चोरी, एक लाख रुपए से कम कीमत की सामान्य चोरी व चोरी में आरोपी अज्ञात होने के साथ-साथ घटना में चोट और बल का प्रयोग ना हुआ हो ऐसे लोग अपने घर बैठेकर ही ई-एफआईआर करा सकते हैं। इस सिटीजन पोर्टल पर ग्वालियर में दो दिन में दो ई-एफआईआर हुई हैं।
सिटीजन पोर्टल पर पहली ई-एफआईआर – पहला मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र लालघाटी निवासी जितेंद्र सिंह सिकरवार का है। मध्य प्रदेश सिटीजन पोर्टल एप पर अपने सूने घर से सोने चादी के जेवर एवं अन्य सामान लगभग 95 हजार रुपए की अज्ञात चोरों द्वारा चोरी करने की शिकायत की गई। उन्होंने पोर्टल पर जाकर ई-एफआईआर के ऑपशन पर क्लिक कर अपनी डिटेल भर दी। जिसके बाद उनकी ई-एफआईआर हो गई। यहां से उनको एक लिंक नंबर मिला है। जिसे डालकर वह अपनी डिटेल चैक कर सकते हैं।
शहर की दूसरी ई-एफआईआर- वहीं शहर की दूसरी ई-एफआईआर कंपू थाना क्षेत्र में बाइक चोरी होने की हुई है। कंपू निवासी भरत सिंह गुर्जर के द्वारा पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई गई है। घर के सामने से उनकी बाइक चोरी हो गई थी।
ऑनलाइन शो होने लगी एफआईआर – दोनों मामले में (क्राइम एण्ड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्किंग सिस्टम) केस एप्लीकेशन पर पुरानी छावनी और कंपू थाना प्रभारी की आईडी पर ऑनलाइन एफआईआर पहुंच गई है। जब रिपोर्ट थाना प्रभारियों को प्राप्त हुई तो थाना प्रभारियों ने तत्काल अपने यहां एफआईआर कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दोनों ही मामलों में पुलिस ने 457, 380 और 379 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

