बीयर बार में युवतियों पर कसे अश्लील कॉमेंट्स, बाउंसर सहित 5 को बोतलों से पीटा, स्टाफ को दी जान से मारने की धमकी

ग्वालियर. सिटी के पॉश इलाके में पड़ाव थाना से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित ‘‘मॉलीक्यूल बार एंड रेस्टोरेंट’’ में शनिवार की रात को हंगामा हो गया है। यहां कुछ युवकों ने डिस्कोथेक में डांस कर रही लड़कियों पर अश्लील कमेंट्स किये और इतना ही नहीं, पास की टेबिल पर बैठी युवतियों पर भी फब्तियां कसने लगे। युवतियों की शिकायत पर स्टाफ ने युवकों को रोका, तो विवाद बढ़ गया।
इसके बाद युवकों ने अपने 3 और साथियों को बुला लिया और बार में जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने बाउंसर और स्टाफ के साथ मारपीट की और रेस्टोरेंट में तोडफोड़ कर दी गयी। खबर मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थिति को काबू किया और हमले में बाउंसर सहित बार के 5 कर्मचारी घायल हुए है।
युवकों ने बीयर पीते युवतियों पर कसी फब्तियां
रेस्टोरेंट मैनेजर प्रियांशु सिंह 38, के अनुसार रात को लगभग 11 बजे बार में 5 युवक बीयर पी रहे थे। इस बीच नशे में उन्होंने पास की टेबिल पर बैठी 2 युवतियां पर अश्लील कमेंट्स और हरकतें शुरू कर दी। परेशान होकर युवतियों ने स्टाफ ने शिकायत की। इस पर बाउंसर सत्यम यादव और कर्मचारियों ने युवकों को समझाया और ठीक से व्यवहार करने के लिये कहा। इससे युवक उल्टे स्टाफ से उलझ गये और जबरन डीजे पर चढ़ने लगे। उन्होंने डिस्कोथेक में डांस कर रही लड़कियों पर भी अश्लील कमेंट्स किये। स्टाफ ने पुनः उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन बाद विवाद बढ़ गया।
फोन कर बुलाए तीन साथी, फिर बाउंसर और स्टाफ पर हमला
बाउंसर के टोकने से नाराज युवकों ने फोन कर अपने तीन और साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आठ युवकों ने मिलकर बाउंसर और कर्मचारियों पर लात-घूंसों और कांच की बोतलों से हमला कर दिया। आरोपियों ने रेस्टोरेंट की कुर्सियां, टेबल और सजावटी सामान भी तोड़ दिए। हंगामे के बीच ग्राहक जान बचाकर बाहर भागने लगे।
बाउंसर समेत 5 कर्मचारी घायल, सिर और पीठ पर चोटें
हमले में बाउंसर सत्यम यादव समेत गणेश तिवारी, शिवम तिवारी, नीलमणि कुमार और सचिन भदौरिया घायल हो गए। आरोपियों ने उनके सिर, चेहरे, पीठ और हाथों पर हमला किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मारपीट और तोड़फोड़ के बाद आरोपी स्टाफ को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने कहा, ‘आज छोड़ रहे हैं, अगली बार रोका तो जान से मार देंगे।’ इसके बाद सभी आरोपी अपनी कारों में बैठकर भाग निकले।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी
मैनेजर प्रियांशु सिंह की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *