15 जुलाई के बाद निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार है विद्युत अधिकारी कर्मचारी
1 जुलाई से 10 जुलाई तक जनजागरण बैठके सभाएं होंगी आयोजित
ग्वालियर यूनाइटेड फोरम फ़ॉर पावर एंप्लॉय एण्ड इंजीनियर्स की प्रदेश कार्यकारिणी, कंपनी संयोजक एवं जिला संयोजक की वर्चुअल मीटिंग प्रदेश संयोजक इंजी व्हीकेएस परिहार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई एवं बैठक में ग्वालियर रीजन से फोरम के रीजनल संयोजक एलके दुबे सम्मिलित हुए फोरम के प्रदेश संयोजक इंजी व्हीकेएस परिहार ने प्रदेश कार्यकारिणी समीक्षा बैठक के उपरान्त अवगत कराया गया कि 15 जुलाई तक शासन स्तर पर विद्युत अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशानुसार संगठन को उम्मीद है कि संगठन की बातों को शासन स्तर पर चर्चा कर निराकरण किया जावेगा।बैठक में सभी के विचार जानते हुए निर्णय लिया गया है कि उक्तानुसार यूनाइटेड फोरम आश्वस्त तो है फिर भी यूनाइटेड फोरम ने निर्णय लिया है कि समस्याओं का निराकरण 15 जुलाई तक नही होता है तो 15 जुलाई के तत्काल बाद अभी से सशक्त निर्णयक आंदोलन की तैयारी चालू करेगा।
यूनाइटेड फोरम ने यह भी निर्णय लिया
पूर्व में प्रेषित 5 बिंदुओं के स्थान में सभी वर्गों की समस्याओं को ध्यान में रखकर 11 सूत्रीय मांग पत्र शासन को प्रेषित किया जावेगा।
यूनाइटेड फोरम ने संगठन के पदाधिकारियो को सक्रिय करने के साथ साथ विद्युत अधिकारी / कर्मचारियों को संगठित करने हेतु 1 जुलाई से 10 जुलाई तक जनजागरण बैठके सभाएं करेंगे जिसमें कंपनी /रीजनल पदाधिकारियों के साथ साथ प्रदेश पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
यूनाइटेड फोरम को सशक्त बनाने हेतु सभी जिला संयोजक/अध्यक्ष संभाग एवं उप संभाग स्तर पर संगठन के कम से कम 5 पदाधिकारी नियुक्त कर उन्हें सक्रिय करने का दायित्व भी जिला इकाई को सौपा गया है।
अंत मे प्रदेश संयोजक ने कहा कि यूनाइटेड फोरम विद्युत कंपनियों में कार्यरत हर वर्ग के लिए संघर्षरत रहेगा जबकि कतिपय वर्ग के संगठन द्वारा उनके वर्ग को फोरम से दूर रखने का प्रयास कर गुमराह किया जाता रहा है परंतु प्रसन्नता है कि यूनाइटेड फोरम के प्रति विद्युत उद्योग में कार्यरत हर वर्ग के विद्युत अधिकारी/कर्मचारियों का अटूट विश्वास प्राप्त हो रहा है। इस अवसर पर ग्वालियर,भोपाल,जबलपुर,रीवा,सागर,इन्दौर,उज्जैन रीजन के रीजनल संयोजक,जिला संयोजक,कम्पनी संयोजक वर्चुअल मीटिंग मैं उपस्थित हुए |

