रेत माफिया ने एसडीओ पर किया हमला, वन टीम पर फायरिंग कर रेत से भरी ट्रॉली ले गए माफिया
मुरैना. वन विभाग व एसएएफ की टीम पर रेत माफिया के झुंड ने फिर हमला कर दिया और अवैध रेत की ट्रैक्टर ट्रॉली को छीन कर ले गए और जमकर फायरिंग की व लाठियों के साथ पत्थरों से हुए हमले में एसएएफ का एक जवान घायल हो गया। वन टीम ने वहां से भागकर किसी तरह जान बचाई।
बुधवार की देर रात यह घटना देवगढ़ थाना क्षेत्र से एक किलोमीटर दूर लहोरी के पुरा गांव में हुई है। वन विभाग की एसडीओ श्रद्धा पांढरे अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर निकली थी। रात 7 बजे के करीब उन्होंने पठानपुरा गांव के पास अवैध रेत की एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ा। ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर वन विभाग के कर्मचारी देवगढ़ थाने की तरफ जा रहे थे तभी लहोरी के पुरा गांव के पास एक सैकड़ा से ज्यादा देर माफिया ने सड़क पर झाडि़यां और पत्थर रखकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद ट्रैक्टर ले जा रहे वनकर्मियों पर हमला करके रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली छीन ली। इसी दौरान पीछे बोलेरो गाड़ी में आ रही एसडीओ श्रद्धा पांढरे की गाड़ी को घेरकर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में एसएएफ जवान मुकेश सेन घायल हो गए।
एसडीओ पांढेर का कहना है कि उन्होंने तत्काल सूचना देवगढ़ के थाना प्रभारी को दी थी लेकिन 1 घंटे बाद भी महज एक किलोमीटर दूर से कोई पुलिसकर्मी नहीं आया। इतना ही नहीं हमले के बाद भी देवगढ़ थाना प्रभारी ने उनकी कोई पूछ परख नहीं ली। एसडीओ ने इस मामले की शिकायत वरिष्ठ अफसरों से करने की कही है।

