ग्वालियर के व्यापारियों ने की मांग, जब भोपाल 124 संक्रमित होने के बाद पूरा अनलॉक है तो ग्वालियर में तो सिर्फ 5 पॉजिटिव है, पूरा बाजार खोलो
ग्वालियर. ग्वालियर में अब पूरे बाजार एक साथ अनलॉक करने की मांग तेज हो गई है। व्यापारी और व्यापारी संगठन पूरे बाजार खोलने के पक्ष में है। व्यापारियों का तर्क है कि जब भोपाल में बीते पांच दिन में हर दिन एक सैकड़ा संक्रमित मिलने के बाद भी गुरुवार से पूरा शहर अनलॉक किया जा रहा है तो ग्वालियर में तो एक दिन पहले सिर्फ 5 संक्रमित ही मिले हैं।
चेंबर ऑफ कॉमर्स ने इस संबंध में कलेक्टर ग्वालियर को पत्र भी लिखा है। अब बुधवार शाम को क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक संभव है। ग्वालियर की स्थिति को देखते हुए गुरुवार से पूरे शहर के बाजार एक साथ अनलॉक करने पर सहमति बन सकती है। बाजार सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक खोलने की इजाजत दी जा सकती है। सशर्त मॉल के बाजार भी खुल सकते हैं, लेकिन जिम, स्वीमिंग पूल, सिनेमा, मैरिज गार्डन को कोई राहत नहीं मिलती दिख रही है।
कोरोना संक्रमण के बाद 15 अप्रैल से ग्वालियर में जनता कर्फ्यू लगाया गया था। 47 दिन तक बाजार बंद रहे थे सिर्फ जरूरत के सामान के लिए छूट दी गई थी। पर संक्रमण की दर कम हुई तो पूरे प्रदेश के साथ 1 जून से ग्वालियर भी अनलॉक हुआ था। व्यापारी पूरे शहर को अनलॉक करने की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने ओड इवन पैटर्न पर बाजार खोलने की सहमति दी। जिसमें सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को बाएं तरफ तो मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को दाएं तरफ की दुकानें खोला जाना तय हुआ था। साथ ही रविवार को वीकेंड कर्फ्यू की घोषणा हुई थी। इस व्यवस्था को 9 दिन हो गए हैं। संक्रमण दर काफी नीचे आ चुकी है। 8 जून को 3006 सैंपल में से सिर्फ 5 पॉजिटिव निकले हैं। ऐसे में ग्वालियर में पूरे बाजार अनलॉक की मांग फिर उठने लगी है। बुधवार शाम को बाजारों के अनलॉक को लेकर क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में समीक्षा होनी है। खबर तो यह भी कि पूरे बाजार खोलने पर सभी सहमत हैं। सिर्फ पेच समय को लेकर बना हुआ है। प्रशासन शाम 5 बजे तक पूरा बाजार खोलना चाहता है, लेकिन व्यापारी रात 8 बजे तक बाजार खोलने की मांग कर रहे हैं।
यह हो सकता है फैसला
10 जून से पूरे बाजार एक साथ अनलॉक किए जा सकते हैं
बाजार सुबह 6 से शाम 7 या 8 बजे तक खोले जा सकते हैं, समय को लेकर पेच फंसा है
मॉल के दुकानदारों को मिल सकती है राहत
सशर्त मॉल में खुल सकती हैं दुकानें, मॉल के गेट से सीमित संख्या में जाएंगे कस्टमर
दुकान खोलने से पहले दुकान मालिक, कर्मचारी का वैक्सीनेशन अनिवार्य होगा
परिवहन को भी पूरे समय में छूट दी जा सकती है
सैलून, ब्यूटी पार्लर को दो सीट के बीच एक सीट खाली की शर्त पर पूरे समय खोले जा सकते हैं

