ग्वालियर के विशाल मेगा मार्ट में लगी आग, लोग सामान छोड़कर सड़कों पर भागे
ग्वालियर. ग्वालियर के विशाल मेगा मार्ट के बेसमेंट में अचानक आग लगने और सायरन बजने से भगदड़ मच गई। लोग दहशत में बाहर सड़क की तरफ भागे। जिनके वाहन बेसमेंट में रखे हुए थे। वह घंटों परेशान होते रहे। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड ने समय पर पहुंचकर आग को बढ़ने से रोक लिया, लेकिन बेसमेंट में धुंआ भरा होने के कारण वहां कोई जा नहीं पा रहा था।
करीब 2 घंटे बाद धुंआ कम हुआ तो फायर ब्रिगेड की टीम अंदर पहुंची और स्थिति संभाली। बेसमेंट में आने और जाने के लिए एक ही रास्ता था। ऐसे में यदि आग खतरनाक रूप धारण कर लेती तो स्थिति बहुत बिगड़ सकती थी। हाल ही में दो दिन पहले महाराष्ट्र के पुणे में केमिकल्स फैक्ट्री में इसी तरह आग लगी थी। जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई थी।
शहर के फूलबाग खेड़ापति कॉलोनी के पास विशाल मेगामार्ट है। अभी अनलॉक होने पर यहां खरीदारी के लिए काफी लोग पहुंच रहे हैं। बुधवार को दोपहर 11.30 बजे जब मेगा मार्ट में काफी भीड़ थी तभी बेसमेंट पार्किंग में पड़े सामान में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में बेसमेंट में धुंआ भर गया। जब धुंआ सेंसर तक पहुंचा तो सायरन बजा और इसके बाद तत्काल वहां मौजूद स्टाफ ने लोगों को आग लगने की सूचना देकर बाहर निकलने के लिए कहा। आग की खबर सुनते ही वहां भगदड़ मच गई। लोग बाहर की तरफ भागे। वह बाहर तो निकल आए, लेकिन उनके वाहन बेसमेंट पार्किंग में रखे हुए थे। इसी समय सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ऑफिस से 3 फायर ब्रिगेड स्पॉट पर पहुंचाई गईं। फायर ब्रिगेड टीम ने तत्काल पानी फेंककर आग पर काबू पा लिया।
एक ही गेट होने से आई परेशानी
विशाल मेगामार्ट के बेसमेंट में आने और जाने के लिए एक ही रास्ता था। इससे फायर ब्रिगेड टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। अंदर भरा सामान, दो वाहन जल गए हैं। पर दमकल दस्ते ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक पड़ताल में माना जा रहा है कि आग शॉर्ट शर्किट से लगी है। अभी डिटेल में जांच की जा रही है।
लोग 2 घंटे तक धूप में खड़े रहे
विशाल मेगामार्ट में शॉपिंग करने आने वाले लोग दो घंटे तक बाहर तेज धूप में खड़े रहे। लक्ष्मीबाई नगर निवासी सोनू ने बताया कि बेसमेंट में उसकी गाड़ी रखी हुई है। आग लगने की खबर पर वह बाहर भागकर आए हैं। अंदर बेसमेंट में धुंआ भरा है एक ही रास्ता है आने और जाने के लिए। ऐसे में यदि कोई बेसमेंट में फंसा होता तो दम घुटने से ही मर जाता।

