एलिवेटेड रोड- फूलबाग रोड बंद, जगह-जगह जाम हालात, वैकल्पिक मार्गों से गुजर रहे हैं वाहन

ग्वालियर। एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए आज से फूलबाग से नदीगेट तक का मार्ग बंद कर दिया गया है। इसके कारण वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ रहा है। छप्परवाला पुल से होकर फूलबाग जाने वाले वाहन नौगजा रोड से होकर गुजर रहे हैं, जबकि रामदास घाटी से आने वाले वाहनों को भी नौगजा रोड से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके कारण नौगजा रोड पर जाम की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि नौगजा रोड पर वाहनों के धुलाई सेंटर एवं सर्विस सेंटर बने हुए हैं, जिनके कारण वहां पर हमेशा वाहन खड़े रहते हैं। ऐसी स्थिति में वहां से दोनों ओर के वाहनों को निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मोती मस्जिद से बैरिकेड्स से किया रास्ता बंद
मोतीमस्जिद के पास यातायात को बंद करने के लिए मार्ग पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। इसके कारण पड़ाव, ग्वालियर, हजीरा से आने वाले वाहनों को मोती मस्जिद वाले मार्ग से निकाला जा रहा है। यहां वाहन चिड़ियाघर से होते हुए नगर निगम परिषद के सामने से होते हुए गंदर्व वाले हनुमान मंदिर के सामने से नदीगेट पहुंच रहे हैं।
महलगेट से लेकर नदीगेट तक जाम
महल गेट से चिड़ियाघर जाने वाले मार्ग पर दोनों से ओर से वाहन निकलने के कारण यहां पर जाम की स्थिति बन रही है, जबकि महल गेट के तिराहे पर तीन तरफ से ट्रैफिक आ रहा है। इसमें नवीन पुल, पुराना पड़ाव पुल से होकर मोतीमहल की तरफ से आने वाला ट्रैफिक शामिल है, जबकि नदी गेट से मोतीमहल की ओर जाने वाला एवं नगर निगम परिषद की ओर से आने वाले ट्रैफिक के निकलने के लिए एक ही प्वाइंट है, जिसके कारण जाम की स्थिति बन रही है।

