मॉक ड्रिल…..अवंतिका गैस परिसर में जोरदार धमाके के बाद सक्रिय हुआ आपदा प्रबंधन तंत्र

अवंतिका गैस परिसर में हुई जीवंत मॉक ड्रिल
ग्वालियर, -अवंतिका गैस परिसर पर अचानक एयर स्ट्राइक, जोरदार बंव धमाका, सीएनजी गैस से भरे एक बडे़ वाहन में आग, घायल कर्मचारी, ब्लैक आउट और गूंजता डिजास्टर सायरन…  बम निरोधक दस्ता, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और अग्निशमन दल मोर्चे पर पहुंच जाते है। संदिग्ध बम की तलाश से लेकर उसे निष्क्रिय करने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और आग बुझाने तक राहत एवं बचाव की पूरी कवायद एक साथ चलती है। यह किसी वास्तविक हमले का दृश्य नहीं, बुधवार शाम 7 बजे हजीरा थाना क्षेत्र में ट्रिपल आईटीएम के सामने स्थित अवंतिका गैस परिसर में जिला प्रशासन द्वारा पुलिस, नगर निगम, राज्य आपदा प्रबंधन दल एवं गैस एजेंसी के सहयोग से आयोजित मॉक ड्रिल का हिस्सा था।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के महानिदेशालय अग्निशमन सेवा एवं नागरिक सुरक्षा तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में विभिन्न बचाव एजेंसियों की तत्परता, कार्यक्षमता और आपसी समन्वय को परखना था।
मॉक ड्रिल के दौरान अवंतिक गैस परिसर में सबसे पहले बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। वहीं नगर निगम के अग्निशमन दस्ते और राज्य आपदा प्रबंधन दल ने संयुक्त रूप से आग बुझाने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधिक्षक डॉ शिवेष सिंह बघेल, एसडीएम प्रदीप कुमार शर्मा सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार व  विजय भदौरिया, कमांडेन्ट एसडीआरएफ आरडी सिंह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दीपाली माथुर, गैस कम्पनी के अधिकारी सीवी झा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण  व अवंतिका गैस एजेंसी के अधिकारी  सहित जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन एवं गेल कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *