बिलौआ के रफादपुर में गद्दा फैक्ट्री में भीषण आग, गैस सिलेंडर रिसाव से हादसे की आशंका
ग्वालियर। बिलौआ क्षेत्र के रफादपुर स्थित फोम और पॉलीमर से गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच अचानक आग लग गई। आग लगने की वजह गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव होना बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई।
आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब 5 से 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि उक्त फैक्ट्री नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष हरिओम चौरसिया और भीकम यादव की संयुक्त साझेदारी में संचालित है। प्रारंभिक तौर पर फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही को भी आग लगने की वजह माना जा रहा है। हालांकि आग से हुए नुकसान और घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
