चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग से मिले जूनियर डॉक्टर, जूड़ा ने कहा आदेश नहीं दिया हड़ताल जारी रहेगी
भोपाल. मध्य प्रदेश में 5 से अधिक मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल में सुलह नहीं हो सकी है। रविवार सुबह सुलह के संकेत मिल रहे थे और दोनों पक्ष नरम पड़े लेकिन शाम 4.30 बजे के बाद जूनियर डॉक्टर और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की मुलाकात के बाद भी हड़ताल खत्म नहीं हुई, जूड़ा ने तीन और मांगे जोड़ दी है।
मंत्री ने कहा कि हमने जूड़ा की मांगें पहले ही मान ली है। जूड़ा हाईकोर्टके आदेश का सम्मान कर हड़ताल वापस ले और काम पर लौटे। वहीं मंत्री से मिलने के बाद मप्र जूड़ा अध्यक्ष डॉक्टर अरविंद मीणा ने कहा कि हम मंत्री से मिलने खुद आए थे। हम हड़ताल खत्म करना चाहते है लेकिन मंत्री जी ने हमारी मांगों को लेकर न तो कोई आदेश दिया न ही कोई आश्वासन दिया जिसके बाद अब हमारी हड़ताल आगे भी जारी रहेगी।
रविवार सुबह जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन की तरफ से सरकार को बातचीत कर मामले का हल निकालने के लिए वीडियो जारी कर अनुरोध किया गया था। इस पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जूड़ा को हाईकोर्ट का सम्मान कर हड़ताल वापस लेना चाहिए। उन्होंने मांगों को लेकर भी अपनी बात कही है। शाम 4 बजे जूनियर डॉक्टर मंत्री विश्वास सारंग के बंगले पर मिलने पहुंचे लेकिन मंत्री बंगले पर नहीं थे इस पर जूड़ा ने उनका इंतजार किया कुछ देर बाद मंत्री पहुंचे जिसके बाद डॉक्टरों से बातचीत हुई।

