भारत देश का यह पहला शहर, इलेक्ट्रिक वाहन बनेगा केवडि़या, यहां चलेंगी सिर्फ बैटरी वाली कारें-बस
अहमदाबाद. गुजरात को केवडि़या इलाका स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के रूप में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 182 मीटर लंबी मूर्ति के लिए ही नहीं बल्कि देश के ऐसे पहले शहर के रूप में भी जाना जाएगा जहां केवल इलेक्ट्रिक वाहन चलेंगे। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र विकास और पर्यटन संचालन प्राधिकरण ने रविवार को कहा कि वह गुजरात के केवडि़या में (देश का पहला इलेक्ट्रिक व्हीकल-ओनली एरिया) विकसित करेगा, जहां केवल इलेक्ट्रिक वाहनों को आवाजाही की अनुमति होगी।
विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के आदिवासी बहुल नर्मदा जिले के केवडि़या क्षेत्र को देश का पहली इलेक्ट्रिक वाहन शहर बनाने की घोषणा की थी। उसके एक दिन बाद प्राधिकरण ने इस योजना की जानकारी दी है।
इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर मिलेगी सब्सिडी
प्राधिकरण ने कहा कि हमारे अधिकार में आने वाले इलाके में केवल इलेक्ट्रिक वाहनों को आवाजही की अनुमति होगी। पर्यटकों को भी डीजल की जगह बैटरी वाली बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। स्थानीय निवासियों को तीन पहिया ई-वाहन खरीदने के लिए सहायता प्रदान की जाएगी। गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी के समर्थन के अलावा प्राधिकरण को इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद में भी सब्सिडी के रूप में छूट दी जायेगी। प्राधिकरण से जुड़े अधिकारीयों और कर्मचारियों को भी इस योजना का फायदा मिलेगा।

