Newsमप्र छत्तीसगढ़

पुलिस भर्ती में नहीं चल रही है सिफारिश, सुरक्षा ऐसी की परिंदा भी पर नहीं मार सकता

ग्वालियर। मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षकों की भर्ती के लिए आज से फिजिकल एग्जाम शुरू हो गया। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। जहां फिजिकल एग्जाम हो रहा है वहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति या सिफारिश न पहुंच सके। जिन अभ्यर्थियों की ड्यूटी फिजिकल एग्जाम लेने में लगाई गई है, उन्हें भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे निष्पक्षता से कार्य करें।
2 दिन 200-200
फिजिकल एग्जाम के शुरुआती दो दिनों में 200–200 अभ्यर्थियों की परीक्षा ली जा रही है। इसके बाद प्रतिदिन करीब 400 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। परीक्षा 15 मार्च तक चलेगी। फिजिकल परीक्षा सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों की क्षमता का परीक्षण 3 इवेंट्स में किया जा रहा है। इसमें 800 मीटर की दौड़, गोला फेंक और लंबी कूद शामिल हैं। दौड़ में अंक टाइमिंग के आधार पर दिए जा रहे हैं। तय समय से कम समय में 800 मीटर पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को अधिक अंक मिल रहे हैं। यही प्रक्रिया गोला फेंक और लंबी कूद में भी लागू है।
800 मीटर लंबी लगाई दौड़
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों ने 800 मीटर की दौड़ लगाई। इसके बाद गोला फेंक और लंबी कूद की परीक्षा ली गई। चयन प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों और निर्णायकों की उपस्थिति में सभी गतिविधियां कराई गईं।
फिजिकल परीक्षा के लिए मौसम है माकूल
पिछली भर्ती में फिजिकल परीक्षा गर्मी के मौसम में आयोजित हुई थी, जिससे अभ्यर्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इस बार मौसम अनुकूल है, जिससे अभ्यर्थियों को राहत मिल रही है और परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो रही है। भर्ती प्रक्रिया से पहले व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पुलिस अधिकारियों ने रिहर्सल की। परीक्षा स्थल पर चिकित्सा शिविर भी लगाया गया है, ताकि किसी अभ्यर्थी की तबीयत खराब होने पर तुरंत उपचार मिल सके। अनुभवी डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती की गई है।
सभी पर नजर
फिजिकल एग्जाम पर वरिष्ठ अधिकारियों की पैनी नजर बनी हुई है। व्यवस्था बनाए रखने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *