ग्वालियर जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 6 प्रकरण दर्ज

ग्वालियर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री, संग्रह और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को विभाग की टीम ने हजीरा, मुरार, कम्पू के वीरपुर बांध क्षेत्र, आंतरी और जौरासी सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध मदिरा बरामद की। कार्रवाई के दौरान कुल छह प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त मदिरा का अनुमानित मूल्य लगभग 15 हजार रुपए बताया गया है। कलेक्टर एवं आबकारी उपायुक्त के आदेशानुसार तथा सहायक आबकारी आयुक्त के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
विभागीय जानकारी के अनुसार, हजीरा क्षेत्र में डेली डिलाइट (बोटी वाला ढाबा) से 25 पाव देशी मदिरा प्लेन तथा सिंधिया नगर मल्टी के पास राजू परिहार के कब्जे से 11 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। आंतरी क्षेत्र के आरके होटल से 25 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई। वहीं, सुरेंद्र ढाबा पर मदिरापान कराने वालों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36(क) के तहत कार्रवाई की गई। डबरा वृत्त के अंतर्गत आंतरी क्षेत्र के ग्राम लदवाया में बलवीर जाटव के आवास से 17 पाव देशी मदिरा मसाला और 9 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। इसके अलावा जौरासी स्थित अशोक ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट से 29 पाव देशी मदिरा जब्त की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *