जीवाजी विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह के लिए 217 विद्यार्थियों ने कराया पंजीयन, अगले वर्ष से यूजी के विद्यार्थी भी होंगे शामिल

कुलगुरु ने तैयारियों की समीक्षा कर समितियों को समयसीमा में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में 16 नवंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोह में डिग्री प्राप्त करने के लिए अब तक 217 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया है। इनमें पीएचडी के 149 और यूजी-पीजी के 68 विद्यार्थी शामिल हैं।
गुरुवार को दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा बैठक में कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने घोषणा की कि अगले वर्ष से स्नातक (यूजी) के विद्यार्थियों को भी दीक्षांत समारोह में शामिल किया जाएगा। इसके लिए उनका पंजीयन किया जाएगा और उन्हें निर्धारित पोशाक भी उपलब्ध कराई जाएगी। कुलगुरु ने मुख्य समन्वयक प्रो. डी.एन. गोस्वामी को इसकी तैयारियां करने के निर्देश दिए।
बैठक में कुलगुरु ने आमंत्रण पत्र, मंच व्यवस्था, फोटोग्राफी, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था, वाहनों की व्यवस्था, मेरिट सूची, स्मृति चिह्न सहित विभिन्न समितियों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी समिति प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने को कहा। बैठक में समिति प्रभारियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी और समय पर कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा, मुख्य समन्वयक प्रो. डी.एन. गोस्वामी,  प्रो. एस.के. सिंह, प्रो. एस.एन. महापात्रा,डा. शांति देव सिसोदिया,फाइनेंस कंट्रोलर महक सिंह, डॉ. समीर भगवंत, डॉ. सपन पटेल, डॉ. स्वर्णा परमार, इंजीनियर राजेश नायक, विश्वरंजन गुप्ता, सहायक कुलसचिव अमित सिसोदिया, हरिशंकर कंसाना सहित विभिन्न समितियों के प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *