मप्र पिछले एक सप्ताह से ग्रीन जोन में, 7 से 19वें पायदान पर पहुंचे
भोपाल. मध्यप्रदेश में कोरोना को लेकर सुकून देने वाली खबर आई है। प्रदेश बीते एक सप्ताह से ग्रीन जोन में है और इसका कारण 7 दिन से पॉजिटिविटी दर 1 प्रतिशत से कम होना है। गत 21 अप्रैल को देश में एक्टिव केसों की संख्या के हिसाब से मध्य प्रदेश 7वें नंबर पर था जो वर्तमान में 19वें नंबर पर आ गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 81 हजार 636 टेस्ट किए गए जिसमें से 735 पॉजिटिव आए। प्रदेश में अभी एक्टिव मरीजों की संख्या 10 हजार 103 है। इसे देखते हुए सीएम शिवराज सिंह कह चुके है कि 15 जून तक लॉकडाउन रहेगा इसके बाद आगे की स्थिति को देखते हुए नए सिरे से योजना बनाई जाएगी।
नए केस मिलने की दर 1 प्रतिशत से भी कम
लॉकडाउन और लोगों के सहयोग से कोविड-19 संक्रमण की दर रिकॉर्ड गिरावट आई है। रिकवरी रेट बढ़कर 97.65 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। अब प्रदेश का कोई भी जिला रेड जोन में शामिल नहीं है। मई के प्रथम सप्ताह से प्रतिदिन प्रदेश का पॉजिटिविटी रेट लगातार घटकर 0.90 प्रतिशत रह गया है। प्रदेश में प्रतिदिन नए पॉजिटिव प्रकरणें की तुलना में रिकवर अधिक हो रहे है।
14 जिलों में 5 प्रतिशत से कम केस
प्रदेश के शेष 14 जिलों भोपाल, अनूपपुर, रतलाम, दमोह, बैतूल, धार, सीधी, खरगोन, रीवा, जबलपुर, सिवनी, रायसेन, निवाड़ी, इंदौर में बीते 7 दिनों से औसत पॉजिटिविटी रेट 5 प्रतिशत या उससे कम है।

