ग्वालियर में शनिवार की रात 10 से सोमवार सुबह 6 बजे तक वीकेंड कर्फ्यू लागू
ग्वालियर. शनिवार की रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक वीकेंड कर्फ्यू लागू हो गया है। अब 32 घंटे बाद ही बाजार खुलेंगे। वीकेंद्र कर्फ्यू में शराब, कपडा, सराफा व अन्य सभी तरह की दुकानें बंद रहेंगी पर रविवार सुबह 6 से 9 बजे तक सब्जी, फल व दूध के लिए कर्फ्यू में ढील रहेगी इसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम सड़कों पर नजर आएंगी। कर्फ्यू में बिना कारण निकलने वालों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। शनिवार रात से ही पुलिस सड़कों पर चेकिंग करने निकल आई है और सोमवार सुबह तक इसी तरह की सख्ती रहेगी।
कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए 15 अप्रैल से पूरे प्रदेश मे जनता कर्फ्यू लगाया गया था जिसमें बाजार पूरी तरह बंद रहे थे। पर 47 दिन के लॉकडाउन के बाद 1 जून से पूरे प्रदेश में अनलॉक हुआ। अलग-अलग शहरों में वहां के संक्रमण को देखते हुए क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में अनलॉक करने का निर्णय लिया गया। ग्वालियर में 1 जून को बाजारों को ओड-इवन पैटर्न पर खोला गया था। वहीं अब इन 32 घंटे में पुलिस और प्रशासन सख्ती से पेश आएंगे और कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों पर चालान की कार्रवाई की जाएगी।
कर्फ्यू में इन्हें छूट मिलेगी
दूसरे राज्यों से मालवाहक वाहनों व सेवाएं, अनाज मंडी और उपार्जन केंद्र।
दवा, राशन दुकानें (पीडीएस), अस्पताल को छूट रहेगी।
दूध और सब्जी, फल की दुकानें सुबह 6 से 9 बजे तक खुल सकेंगी।
केंद्र व राज्य सरकार के साथ स्थानीय निकाय के अधिकारी-कर्मचारी के आने-जाने की छूट।

