मैरिज गार्डन संचालकों की यातायात को लेकर बैठक
ग्वालियर। शहर के मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन एवं होटल संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी आदेशों के संबंध में सभी संचालकों को विस्तार से जानकारी देकर आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर डीएसपी यातायात अजीत सिंह चौहान, डीएसपी यातायात विजय भदौरिया तथा होटल एवं मैरिज गार्डन संचालक उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि प्रत्येक मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन एवं होटल में कुल क्षेत्रफल का न्यूनतम 35 प्रतिशत स्थान पार्किंग के लिए आरक्षित रखना अनिवार्य है। जिन मैरिज गार्डन में निर्धारित पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, वहां विवाह समारोह आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। प्रत्येक संस्थान में मुख्य प्रवेश द्वार एवं पार्किंग के लिए पृथक-पृथक द्वार बनाने तथा पार्किंग स्थल दर्शाने वाले सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
वाहनों की पार्किंग मैरिज गार्डन परिसर के अंदर ही कराई जाए। सड़क एवं सार्वजनिक मार्ग पर वाहनों की पार्किंग नहीं होने दें तथा पर्याप्त संख्या में गार्ड तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखें।
बैठक में सभी मैरिज गार्डन संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी एवं सभी संचालकों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने एवं विवाह समारोहों के दौरान आमजन की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
