पैदल मार्च-लोकतंत्र की रक्षा ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा-कांग्रेस

ग्वालियर, 11 अक्टूबर । कांग्रेस मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान’ के तहत लोकतंत्र, संविधान एवं मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 3 के अध्यक्ष धर्मवीर राठौर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी 4 के अध्यक्ष मुनेन्द्र भदौरिया के नेतृत्व में ब्लॉक स्तरीय पैदल मार्च गिर्राज मंदिर, चार शहर का नाका से प्रारंभ होकर किला गेट चौराहे तक पहुंचा। मार्च में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुनील शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कांग्रेसजनों ने हाथ में तख्तियां लेकर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो की मांग करते हुए लोकतंत्र की रक्षा, संविधान की गरिमा बनाए रखने और मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा के संकल्प के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पैदल मार्च को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र यादव एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुनील शर्मा ने संयुक्त रूप सें कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी है। भारत का लोकतंत्र जनता के विश्वास पर टिका है और निर्वाचन व्यवस्था की निष्पक्षता पर किसी भी प्रकार का संदेह दूर करना आवश्यक है। आज जरूरत है कि लोकतांत्रिक संस्थाएं निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के उच्चतम मानकों पर खरी उतरें। कांग्रेस पार्टी जनता के वोट की ताकत और संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जिसके लिए भाजपा के इशारे पर अपने पद का दुरुपयोग करने वाले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए जरूरी है। कंाग्रेस पार्टी भाजपा को अपने मंसूबों में सफल नहीं होने देगी, देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *