भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सीनियर नेताओं को सीख: अहंकार में मत रहिए, कल पद नहीं रहेगा

बड़वानी. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बड़वानी जिला मुख्यालय पहुंचे। यह उनका पहला दौरा था। संगठन की बैठक में उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को अहंकार से दूर रहने की सीख के साथ पुराने दौर की भाजपा याद दिलाई। खंडेलवाल ने कहा कि आज कोई अध्यक्ष, मंत्री या विधायक है, लेकिन यह पद हमेशा उसके पास नहीं रहेगा। पद मिलने से पहले भी जीवन था और पद के बाद भी रहेगा। इसलिए पद को स्थायी मानकर अहंकार नहीं करना चाहिए। खंडेलवाल ने कहा कि वह पद पर रहें या न रहें, हमेशा कार्यकर्ता रहेंगे।


उन्होंने पार्टी के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय मंडल स्तर पर दो कार्यकर्ता मिलना भी मुश्किल था। आज पार्टी की मेहनत से हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम है। यह सफलता पुराने कार्यकर्ताओं की तपस्या का नतीजा है। उनके त्याग और योगदान को भुलाने पर पार्टी अपनी मूल दिशा से भटक सकती है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी भी आज के कार्यकर्ताओं को याद करेगी, जब उसे सुरक्षित, आतंकवाद मुक्त और खुशहाल भारत मिलेगा।
चुनाव में जीत का संकल्प लेने की अपील की
खंडेलवाल ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। बूथ मजबूत होने से चुनाव जीतने का रास्ता आसान होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत कर हर चुनाव में जीत का संकल्प लेने की अपील की। दौरे के दौरान खंडेलवाल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। उन्होंंने जिले की चारों विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *