आपकी नसों से निकली कुछ बूंदें, किसी की जिंदगी में फिर से सांसे भर सकती हैं-डीन 

डीन ने स्वयं रक्तदान कर किया शिविर का शुभारंभ, 217 यूनिट रक्त जुटा 
ग्वालियर, सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लड डोनेशन पखवाड़े पर गुरुवार को जयारोग्य अस्पताल समूह के ब्लड बैंक सहित दो अन्य स्थानों पर रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। इन शिविरों में कुल 217 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। रक्त संग्रह बढ़ने से जेएएच ब्लड बैंक में भर्ती जरूरतमंद मरीजों को रक्त एवं रक्त घटक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
 जेएएच ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज बंसल और पीजी स्टूडेंट डॉ. प्रवेश भदौरिया ने स्वयं रक्तदान कर किया।
इस दौरान डीन डॉ. धाकड़ ने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं किया जा सकता। इसे केवल एक व्यक्ति ही दूसरे जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाकर उसकी जिंदगी बचाने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति का किया गया रक्तदान किसी मरीज के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। इसलिए लोगों को केवल जरूरत पड़ने पर ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपकी नसों से निकली कुछ बूंदें, किसी की जिंदगी में फिर से सांसे भर सकती हैं, क्योंकि अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार में डॉक्टर और दवाओं के साथ रक्त की उपलब्धता भी बेहद महत्वपूर्ण है। दुर्घटना में घायल मरीज, प्रसव के दौरान रक्त की जरूरत वाली महिलाएं, थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को कभी भी रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति की जिम्मेदारी बनती है कि वह रक्तदान कर किसी अनजान मरीज के जीवन को बचाने में अपना योगदान दे।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. गजेंद्र पाल सिंह ऊईके, डॉ अनीता आर्या ने बताया कि जेएएच ब्लड बैंक में आयोजित शिविर में 30 लोगों ने रक्तदान किया। इसके अलावा रेडकेयर फाउंडेशन द्वारा लगाए गए शिविर से 137 यूनिट तथा सीएचएस एपल हॉस्पिटल के शिविर से 50 यूनिट रक्त प्राप्त हुआ। इस तरह तीनों स्थानों से कुल 217 यूनिट रक्त जेएएच ब्लड बैंक को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *