ग्वालियर में अवैध दुकानों पर नगर निगम की कार्रवाई, पार्किंग से 18 दुकानें हटाईं

ग्वालियर. ग्वालियर नगर निगम ने न्यू बैंक कॉलोनी में अवैध रूप से बनी 18 दुकानों को बुलडोजर चलाकर हटा दिया। ये दुकानें पार्किंग की जगह पर बनाई गई थी जिसके लिए निगम से अनुमति नहीं ली गई थी। इस कार्रवाई के दौरान थौराट की गोठ में सडक पर बनी एक दीवार को भी तोडा गया। अतिक्रमण में इस्तेमाल किया गया सामान जब्त कर लिया गया है।

ग्वालियर नगर निगम ने न्यू बैंक कॉलोनी में अवैध रूप से बनी 18 दुकानों को बुलडोजर चलाकर हटा दिया।
नोटिस देने बाद भी निर्माण नहीं हटाया
नगर निगम के भवन अधिकारी यशवंत मैकले ने बताया कि निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार के निर्देशन में अवैध निर्माण हटाने का अभियान जारी है। वार्ड क्रमांक 21 की न्यू बैंक कॉलोनी में मोहन वादिल और ऋषभ जैन ने पार्किंग की जगह पर 18 दुकानें बना ली थी। इसके लिए उन्होंने नगर निगम से कोई अनुमति नहीं ली थी। अधिकारियों ने बताया कि निगम ने भवन मालिकों को अवैध निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद उन्होंने निर्माण नहीं हटाया। इसके बाद निगम के मदाखलत अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। बुलडोजर की मदद से अनुमति के बिना बनीं 18 दुकानों को हटा दिया गया।
निगम के मदाखलत अमले ने मुरार बारादरी से गर्ल्स कॉलेज तक अभियान चलाया
निगम की टीम ने पूर्व विधानसभा क्षेत्र में भी कार्रवाई की। माधव प्लाजा के सामने थौराट की गोठ में सडक पर बनी एक दीवार को तोडा गया। इस दौरान गेट और फावडा सहित अतिक्रमण में इस्तेमाल हो रहा सामान जब्त कर लिया गया। इसके बाद निगम के मदाखलत अमले ने मुरार बारादरी से गर्ल्स कॉलेज तक अभियान चलाया। इस दौरान सदर बाजार, अग्रसेन चौराहा, गणेश मंदिर और गर्म सडक पर भी कार्रवाई हुई। यातायात में बाधा बन रहे हाथ ठेलों और फुटपाथ पर सामान रखने वाले दुकानदारों पर एक्शन लिया गया। सडक और फुटपाथ से सामान हटवाकर जब्त कर लिया गया, इसे मदाखलत कार्यालय में जमा कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *