130 की रफ्तार से दौड़ती मालगाड़ी का तीसरा डिब्बा बेपटरी, मुंबई-दिल्ली रेलमार्ग ठप

भोपाल. मुंबई-दिल्ली रेलमार्ग पर सोमवार शाम करीब 7.20 बजे तेज रफ्तार मालगाडी का डिब्बा पटरी से उतरते ही रेल यातायात थम गया। रतलाम रेल मंडल के गोधरा-दाहोद रेलखंड पर मंगलमऊडी और जैकोट स्टेशन के बीच हुए हादसे में 58 डिब्बों वाली मालगाडी का इंजन से तीसरे नंबर का वैगन बेपटरी हो गया। करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड रही मालगाडी के डिब्बे की पिछली ट्रॉली के चारों पहिए पटरी से उतर गए। वैगन के अगले हिस्से का कपलर भी ट्रैक पर गिर गया। हादसे के बाद मुंबई से दिल्ली के बीच रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। एक माह के भीतर रतलाम रेल मंडल में यह चौथा रेल हादसा है।
शाम 7.20 बजे तेल रफ्तार मालगाडी का डिब्बा उतरा
मालगाडी मुंबई-दिल्ली रेल लाइन से गुजर रही थी। मंगलमऊडी और जैकोट स्टेशन के बीच किलोमीटर नंबर 526/04 पर अचानक इंजन से तीसरे नंबर का डिब्बा शाम 7.20 बजे पटरी से उतर गया। शुरूआती जानकारी के अनुसार हादसे में वैगन की पिछली ट्रॉली के चारों पहिए ट्रैक से बाहर हो गए। डिब्बे के अगले हिस्से में लगा कपलर भी नीचे गिर गया। इससे रेल लाइन पर आवागमन का रास्ता बाधित हो गया।
शाम 7.30 बजे कंट्रोल रूम पहुंची सूचना
हादसे के करीब तीन मिनट बाद शाम 7.30 बजे रेलवे नियंत्रण कक्ष को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेल मंडल के अधिकारियों और संबंधित विभागों में हलचल शुरू हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित रेलखंड पर ब्लॉक लिया गया ताकि राहत और मरम्मत का काम शुरू किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *