ग्वालियर में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 44.61 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त
ग्वालियर. कलेक्टर एवं आबकारी उपायुक्त ग्वालियर संभाग के आदेशानुसार तथा सहायक आबकारी आयुक्त जिला ग्वालियर राज नारायण सोनी के निर्देशन में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 2 नवंबर 2026 को आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान शताब्दीपुरम स्थित बीडी श्रमिक कॉलोनी में गोविंद भदौरिया के अधिपत्य से देशी मदिरा प्लेन के 100 पाव और मसाला के 62 पाव जब्त किए गए। वहीं उचड़िया वाले बाबा के पास से विदेशी मदिरा की 5 बोतलें जब्त की गईं। मौके पर सस्ती गोवा व्हिस्की को ब्लैक डॉग और 100 पाइपर्स जैसी महंगी शराब की खाली बोतलों में भरकर अधिक मुनाफे के लिए बेचने का मामला भी सामने आया।

इसी क्रम में करहिया बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी उपेंद्र सिंह तोमर के अधिपत्य से देशी मदिरा प्लेन के 40 पाव और मसाला के 25 पाव जब्त किए गए। आबकारी विभाग के अनुसार, दिनभर की कार्रवाई में कुल 44.61 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 33 हजार रुपए बताई गई है।
उक्त कार्रवाई में कंट्रोल रूम प्रभारी राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारियों, वृत्त उपनिरीक्षकों एवं आबकारी विभाग के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
